तपती गर्मी में लोगों को बिजली देने में हांफ रहा विभाग
धनबाद में गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली संकट और गहरा हो गया है। बिजली विभाग की लापरवाही के कारण लोग कई दिनों तक बिना बिजली के रह रहे हैं। फ्यूज उड़ने और ट्रांसफार्मर में खराबी से लोग परेशान हैं। अधिकारी...

धनबाद, संवाददाता जिले में बिजली संकट और गहरा गया है। इस तपती और झुलसाती गर्मी में लोगों को बिजली देने में विभाग हांफ रहा है। साल भर मेंटनेंस के नाम पर बिजली काटनेवाला विभाग अप्रैल की शुरुआती गर्मी में ही आपूर्ति नहीं कर पा रहा है। लापरवाही की इंतहां यह है कि उपभोक्ताओं की शिकायत को भी अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक गंभीरता से नहीं लेते हैं। अव्वल तो फोन नहीं उठाते हैं। यदि उठा लिया तो बुलाने के बाद भी घंटों क्या, कई दिनों तक समस्या दूर नहीं होती। नतीजा लोग बाल-बच्चों समेत तीन-तीन दिन बिना बिजली इस भीषण गर्मी में बिलबिला रहे हैं।
जिस तरह से गर्मी बढ़ रही है, उसी अनुरूप बिजली भी काटी जा रही है। जगह-जगह फ्यूज उड़ना आम हो गया है। फ्यूज उड़ने से एक फेज बिजली चली जा रही है। इसके अलावा ट्रांसफॉर्मर में भी खराबी आ रही है। जंपर उड़ रहा है। वोल्टेज की हालत यह है कि पंखा तक नहीं हिलता है।
इन इलाकों में अधिक परेशानी
शहर के बैंकमोड़, गांधी नगर, पुराना बाजार, मनईटांड़, बरमसिया, दुहाटांड़, कुम्हारपट्टी, हीरापुर, बिनोद नगर, हाउसिंग कॉलोनी, बाबूडीह, विशुनपुर, धनसार, जोड़ाफाटक, वासेपुर, धैया, भेलाटांड़, पॉलीटेक्निक, नावाडीह, भूली, रेंगुनी बस्ती, गोधर, मटकुरिया, गांधीनगर सब्जी बागान सहित आसपास क्षेत्रों में रह रहे लोग बिजली संकट से लोग पूरी तरह से परेशान हैं।
41 डिग्री तापमान पर झेला रही बिजली
जिले के हर क्षेत्र में लोड लगभग बढ़ा हुआ है। मंगलवार को धनबाद का अधिकतम तापमान 41 डिग्री रहा। इस भीषण गर्मी में बिजली ने जले पर नमक छिड़कने का काम किया। अधिकारियों का कहना है कि गर्मी में बिजली उपकरण में विभिन्न प्रकार की खराबी आ रही है। फ्यूज उड़ रहे हैं। खराबी दूर करने पर थोड़ी देर में ही पुन: खराबी उत्पन्न हो रही है। यह सिलसिला देर रात रहता है। दुहाटांड़ क्षेत्र में एक फेज बिजली चली गई। नया बाजार सब डिवीजन के सहायक अभियंता सुजीत कुमार को सूचना देने पर कहा कि क्षेत्र में लोड बढ़ा हुआ है। कम होने पर खराबी दूर की जाएगी। स्थिति यह है कि लोग आधी रात तक बिजली आने का इंतजार कर हैं।
ट्रांसफॉर्मर खराब होने पर तीन-तीन दिन तक परेशान रहते हैं लोग
मनईटांड़ के झारखंड ऑफिस, माड़ी गोदाम व भूली की रेंगुनी बस्ती स्थित सरोवर कॉलोनी में रविवार को ही ट्रांसफॉर्मर में खराबी आई थी। इसे मंगलवार देर रात तक दूर नहीं किया गया। इस भीषण गर्मी बिजली नहीं होने से लोग तड़पते रहे, लेकिन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की बला से। न दिन बीत गए, लेकिन ट्रांसफॉर्मर नहीं लगा। इसकी जानकारी जेई जीवच कुमार व करकेंद सब डिवीजन के सहायक अभियंता मंतोष रवानी को दी गई। इसके वाबजूद समस्या में सुधार नहीं हुआ। रेंगुनी बस्ती में न ट्रांसफॉर्मर लगा और न ही बिजली आयी है। इससे विभागीय अधिकारी के प्रति लोगों में आक्रोश है। जेई का कहना है कि देर रात तक ट्रांसफॉर्मर लगा दिया जाएगा। विभाग के पास एक क्रेन है और कई जगहों पर ट्रांसफॉर्मर में खराबी आयी है। इस कारण देरी हो रही है। हालांकि लोगों का कहना है कि क्रेन नहीं होना विभाग की समस्या है, उपभोक्ता पैसा देते हैं तो बिजली उनका हक है।
आंधी-बारिश आने से ही ट्रांसफॉर्मर में खराबी उत्पन्न हुई है, जिसे अभी तक ठीक किया जा रहा है। आंधी-बारिश के समय छोटी खराबी थी, जिसे तत्काल बना दिया गया था। फिर जैसे ही लोड बढ़ा ट्रांसफॉर्मर जल जा रहे हैं।
- शिवेंद्र कुमार, कार्यपालक अभियंता
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।