मेन राइजिंग पाइप की रिपेयरिंग के बाद भी शहर में पानी संकट
धनबाद में लीकेज मेन राइजिंग पाइप की मरम्मत के बावजूद पानी संकट बरकरार है। बिनोद नगर, चिरागोड़ा, और गांधीनगर जैसे क्षेत्रों में लोग पानी खरीदने को मजबूर हैं। हर दिन 50 एमएलडी पानी की सप्लाई हो रही है,...

धनबाद, संवाददाता लीकेज मेन राइजिंग पाइप की रिपेयरिंग के बाद भी शहर में पानी संकट छाया हुआ है। इससे लोग परेशान हैं। शहर के बिनोद नगर, चिरागोड़ा, मनईटांड़, गांधीनगर, भेलाटांड़, कार्मिक नगर सहित अन्य क्षेत्र में पानी संकट बना हुआ है। स्थिति यह हो गई है कि अब लोग पानी खरीद कर प्यास बुझाने को मजबूर हैं जबकि विभागीय अधिकारी का दावा था कि निरसा व गोविंदपुर के बीच सभी जगहों पर मेन राइजिंग पाइप के लीकेज को दुरुस्त करने के बाद क्षेत्र में पानी संकट की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी, लेकिन स्थिति पूर्व की भांति ही है। शहर में 50 एमएलडी पानी हो रही सप्लाई शहर में हर दिन 50 एमएलडी पानी सप्लाई हो रही है जबकि जरूरत 65 एमएलडी की है।
भेलाटांड़ वाटर टीटमेंट प्लांट से शहर की 19 जलमीनारों के माध्यम से छह लाख से अधिक आबादी की प्यास बुझती है। मैथन से रॉ वाटर भेलाटांड़ प्लांट में पहुंचता है, जहां ट्रीटमेंट के बाद जलमीनार में पहुंचाकर आपूर्ति की जाती है। लेकिन कई क्षेत्रों में पानी नहीं पहुंच रहा है। इससे पतराकुल्ही, मनईटांड़, गांधीनगर, बिनोद नगर, लाहबनी धैया सहित अन्य जगहों पर पानी संकट गहरा गया है। कई घरों में कुएं का जलस्तर काफी नीचे चला गया तो कई कुएं सूख गए हैं। चापाकल का लेयर भी छोड़ रहा है, जिससे कई लोग सप्लाई पानी पर ही निर्भर हैं। ऐसे में पानी सप्लाई पानी नहीं आने पर लोगों की परेशानी बढ़ गयी है। गांधी नगर सब्जी बागान, रानी रोड एचपी गैस के गोदाम स्थित व बिनोद नगर बरमसिया ब्रिज के पास चापाकल है, जहां हमेशा भीड़ रहती है। चापाकल के सहारे दर्जनों परिवारों की प्यास बुझ रही है। लीकेज पाइप की रिपेयरिंग करने के बाद पानी का फ्लो बढ़ा है, लेकिन क्षेत्र में जितने पानी की जरूरत है, उसके मुताबिक सप्लाई नहीं हो रही है। 65 एमएलडी की जरूरत है लेकिन 50-55 एमएलडी तक पानी शहर में सप्लाई की जा रही है। -डीएन महतो, जेई, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।