सभी समाज को साथ लेकर चलनेवाली पार्टी है कांग्रेस: के राजू
कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के राजू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की राजनीति करती है। बैठक में संगठन सृजन 2025 पर चर्चा की गई। सह प्रभारी बेला प्रसाद ने संगठन को मजबूत...

गिरिडीह/पीरटांड़, हिटी। कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के राजू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की सबसे पुरानी पार्टी है और सभी समाज को साथ लेकर चलनेवाली पार्टी है। कांग्रेस ने कभी किसी जाति विशेष की नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज को साथ लेकर चलने की राजनीति की है। वे मधुबन में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा संगठन सृजन 2025 हेतु आयोजित बैठक में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष धनंजय सिंह ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सह प्रभारी बेला प्रसाद एवं प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश शामिल थे। झारखंड प्रभारी के राजू ने संगठन सृजन बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में जोश भरा और संगठन मजबूत करने के लिए कई टिप्स दिए।
उन्होंने कहा कि जिसकी जितनी आबादी, उसकी उतनी साझेदारी। इसी सोशल इंजीनियरिंग को ध्यान में रखते हुए संगठन सृजन करना है। कहा कि हमें समाज के सभी वर्गों का ध्यान रखना है। इसके पूर्व प्रभारी के राजू मधुबन के मध्य लोक संस्थान में स्वातिमति माताजी के 101वें अवतरण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने माताजी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद मधुबन गेस्ट हाउस में पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। संगठन केवल चुनाव लड़ने के लिए नहीं होता: बेला प्रसाद : झारखंड कांग्रेस के सह प्रभारी बेला प्रसाद ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता मजबूत हैं और संगठन केवल चुनाव लड़ने के लिए नहीं होता है। संगठन को मजबूत करने की जरूरत इसलिए है कि हमें जनता के हक की लड़ाई लड़नी है। चाहे हम सरकार में हो या ना हो, लेकिन जनता के नजदीक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करना हमारा मकसद है। संगठन को और मजबूत बनाना है मूल मकसद: केशव : प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि हमारे नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के निर्देश पर यह वर्ष संगठन सृजन वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। जिसका एक ही मूल मकसद है कि देशभर में हमारे पहले से मजबूत संगठन को और मजबूत बनाया जा सके और हमारे कार्यकर्ता देश की जनता के हित की लड़ाई लड़ सके। कहा कि आज संसद से लेकर सड़क तक कांग्रेस के कार्यकर्ता पूरी मजबूती से संविधान विरोधी और जन विरोधी कार्यों के विरोध के लिए सड़क पर हैं। गिरिडीह में मजबूती से उभरेगी कांग्रेस: जेपी पटेल : कार्यक्रम में जिला पर्यवेक्षक व पूर्व विधायक जयप्रकाश भाई पटेल ने प्रभारी को भरोसा दिलाया कि उन्हें जिले का प्रभार दिया गया है तो निश्चित रूप से जिले में कांग्रेस मजबूती से उभरेगी। कार्यक्रम को जिला अध्यक्ष धनंजय सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष सतीश केडिया, कई प्रखंड अध्यक्ष एवं प्रखंड पर्यवेक्षकों ने भी संबोधित किया। मौके पर प्रदेश सचिव नरेश वर्मा, अजय कुमार सिन्हा, उपेंद्र सिंह, ऋषिकेश मिश्रा, अशोक विश्वकर्मा, बड़कागांव के पूर्व विधायक योगेंद्र साहू, रियाजुल अंसारी, मनोज राय, निजामुद्दीन अंसारी, अभिनंदन प्रताप सिंह, अशोक निराला, निरंजन राय, इम्तियाज अंसारी, रणधीर चौधरी, मो निजाम, सद्दाम हुसैन, धनंजय गोस्वामी, मो इकबाल, अमित सिन्हा, दिनेश विश्वकर्मा, यश सिन्हा, बिलाल हुसैनी, सीताराम पासवान, पुरुषोत्तम चौधरी, इतवारी वर्मा, मोतीलाल शास्त्री, अकबर अंसारी, प्रोफेसर मुमताज अंसारी, कपिल देव राय सहित कई कांग्रेसी थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।