बिहार में गोदरेज शोरूम के मालिक समेत 2 की गोली मारकर हत्या, मची सनसनी
जानकारी के अनुसार गोदरेज व्यवसायी अमरेंद्र सिंह अपने साथी शंभु सिंह के साथ शोरूम बंद कर बाइक से प्रभुनाथ नगर आवास पर जा रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोली मारकर दोनों की हत्या कर दी और फरार हो गए। गोली लगने के बाद दोनों सड़क पर गिरे हुए थे।

बिहार के छपरा जिले में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के प्रभुनाथ नगर में मंगलवार की देर शाम गोदरेज शोरूम के मालिक व कारोबारी अमरेन्द्र कुमार सिंह और उनके मित्र शंभू सिंह की अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी। आपसी विवाद में हत्या की बात सामने आ रही है। लेकिन, पुलिस वास्तविक कारणों की छानबीन में जुटी है। घटनास्थल के आसपास पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। प्रभुनाथ नगर के टेलीफोन एक्सचेंज के समीप मंगलवार की संध्या हुई इस घटना के बाद काफी संख्या में लोग जुट गए हैं। अमरेंद्र सिंह छपरा नगर निगम में मेयर का पूर्व में चुनाव भी लड़ चुके हैं। गोली लगने के बाद दोनों लोगों को पहले जख्मी हालत में छपरा सदर अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया था जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हालांकि परिजन दोनों को उसके बावजूद पटना लेकर चले गए। अमरेन्द्र कुमार सिंह इसुआपुर के रहने वाले थे। घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी राज किशोर सिंह दलबल के साथ अस्पताल पहुंचे। अभी तक परिजनों की ओर से पुलिस को कोई बयान नहीं दिया गया है। विधि व्यवस्था को देखते हुए भगवान बाजार थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर सुभाष सिंह, टाउन थाना इंस्पेक्टर संजीव कुमार व मुफस्सिल थानाध्यक्ष मनोज कुमार प्रभाकर मौके पर पहुंचे। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।
शोरूम बंद कर बाइक से जा रहे थे घर
जानकारी के अनुसार गोदरेज व्यवसायी अमरेंद्र सिंह अपने साथी शंभु सिंह के साथ शोरूम बंद कर बाइक से प्रभुनाथ नगर आवास पर जा रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोली मारकर दोनों की हत्या कर दी और फरार हो गए। गोली लगने के बाद दोनों सड़क पर गिरे हुए थे। सूचना मिली तो परिजन खून से लथपथ दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे।