लंबे समय से कोढ़ा गिरोह के निशाने पर रहा है गिरिडीह
बिहार के कटिहार का कोढ़ा गिरोह गिरिडीह में सक्रिय है। गिरोह के अपराधी विभिन्न तरीकों से छिनतई और डिक्की तोड़कर पैसे चुराते हैं। हाल ही में गिरिडीह पुलिस ने गिरोह के कई सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो...

संदीप वर्मा, गिरिडीह, प्रतिनिधि। बिहार के कटिहार का कोढ़ा गिरोह के निशाने पर गिरिडीह लंबे समय से रहा है। कुछ दिन की चुप्पी के बाद पुन: इस गिरोह के अपराधी गिरिडीह में सक्रिय हो जाते हैं। कभी पश्चिम बंगाल के चितरंजन में किराये का मकान लेकर रहते हैं और गिरिडीह समेत आस-पास के जिले में आकर वारदात को अंजाम देते हैं तो कभी धनबाद में किराये का मकान लेकर रहते हैं और गिरिडीह समेत आस-पास के जिले में घटना करते हैं। हाल के वर्षों में देखा जाय तो हर साल कोढ़ा गिरोह के कई अपराधी गिरिडीह जिले में पकड़े गये हैं।
इस गिरोह का जाल दिल्ली से कोलकाता तक फैला हुआ है। गिरोह के शातिर जगह-जगह रुकते हैं और रेकी कर छिनतई, डिक्की तोड़ कर पैसा लेकर रफूचक्कर हो जाते हैं। छिनतई और डिक्की तोड़कर पैसा चोरी करने का काम इस गिरोह का पेशा है। गिरोह के लोग बैंक के आस पास मंडराता है और रेकी करने के बाद घटना को अंजाम देता है। गिरोह के लोग यह देखते रहते हैं कि किसने पैसा निकाला और कैसे ले जा रहा है। कोई बैग या झोला में भरकर हाथ में रखकर ले जाता है तो बाइक पर सवार इस गिरोह के अपराधी छिनतई कर भाग जाते हैं जबकि किसी ने डिक्की में पैसा रखा तो उसे लोहे के औजार से उसे तोड़कर पैसा निकाल लेते हैं। गिरिडीह में कोढ़ा गिरोह के अपराध व गिरफ्तार अपराधी 18 अगस्त 2023 को मरकच्चो थाना क्षेत्र के डूबाडीह गांव के दंपती से अंबेडकर चौक के पास छिनतई हुई थी। इस वारदात में 27 अगस्त 2023 को गिरिडीह पुलिस ने कोढ़ा गिरोह के बिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के जुराबगंज नया टोला निवासी मनीष यादव एवं सिंटू यादव को गिरफ्तार किया गया था। सिंटू यादव पूर्व में दिल्ली में भी वारदात को अंजाम दिया था। सिंटू दिल्ली के बाराहिन्दु राव थाना से कांड संख्या 65/2019 में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। 15 सितंबर 2024 को गिरिडीह पुलिस ने झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश में आतंक मचाने वाले कोढ़ा गिरोह के प्रमुख सदस्य यूपी की जेल से निकले कटिहार के रौतारा निवासी अनुज कुमार को गिरफ्तार किया था। अनुज तीन-चार माह से लगातार गिरिडीह में आतंक मचाये हुए था और अपराध के लिए गिरिडीह आने के बाद नगर एवं मुफस्सिल पुलिस के हत्थे चढ़ गया था। 19 अप्रैल 2025 को निमियाघाट थाना क्षेत्र में डिक्की में रखे दो लाख रुपये पर उड़ाने के दौरान स्थानीय लोगों की सक्रियता से एक अपराधी पकड़ा गया। पकड़ा गया अपराधी कोढ़ा गिरोह का निकला। पकड़ा गया अपराधी बिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के जोराबगंज निवासी प्रभात यादव ऊर्फ अट्टो यादव है। 02 मई 2025 को जिले के सरिया थाना क्षेत्र में उत्तर प्रदेश, बिहार में छिनतई की घटना को अंजाम देने में मास्टर एक हिस्ट्रीशिटर शंकर यादव पुलिस के हत्थे चढ़ने से बच गया। हालांकि उसके दो साथी को गिरिडीह की पुलिस ने दबोच लिया। पकड़ा गया आरोपी मुन्ना यादव उर्फ नन्दु यादव जो बिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के नया टोला जुराबगंज का रहने वाला है। मुन्ना के साथ श्याम यादव को भी गिरफ्तार किया गया यह भी जुराबगंज का रहने वाला है। वहीं शंकर यादव एवं गुड्डू यादव फरार होने में सफल रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।