जमशेदपुर नगर निगम का बढ़ेगा दायरा, शहर में शामिल किए जाएंगे 6 इलाके; 3 लाख लोगों को होगा फायदा
जमशेदपुर नगर का विस्तार होने वाला है। इस विस्तार का फायदा शहर के आसपास के तीन लाख लोगों मिलेगा। जल्द ही प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाएगी।

जमशेदपुर शहर का विस्तार होगा और इसके विभिन्न निकायों से छह पंचायतों की तीन लाख की आबादी जुड़ेगी। इनका सेटेलाइट सर्वे पूरा हो गया है और अब चौहद्दी रिपोर्ट का इंतजार है। इसके बाद इस प्रस्ताव को मंजूरी के लिए नगर विकास को भेजा जाएगा। जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी), जुगसलाई मानगो नगर निगम में इसकी तैयारी चल रही है। इस महत्वाकांक्षी योजना से शहर का दायरा बढ़ेगा और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में विकास को नई दिशा मिलेगी।
मुखियाडांगा और तुरियाबेरा मानगो नगर निगम के दायरे में: मानगो नगर निगम का दायरा मुखियाडांग और तुरियाबेरा तक बढ़ेगा, जिसके तहत लगभग डेढ़ लाख की आबादी को नगर निगम की सुविधाएं मिलेंगी। मानगो नगर निगम पहले से ही अपनी आबादी लगभग 3 लाख के लिए कचरा प्रबंधन जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है, और इस विस्तार से बेहतर संसाधन प्रबंधन की आवश्यकता होगी। हालांकि, पंचायतों को जोड़ने के बाद सुविधाओं में भी वृद्धि की जाएगी।
कपाली नगर पालिका में 2 लाख से अधिक लोग होंगे शामिल
प्रस्तावित योजना के मुताबिक, जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां के कपाली नगर परिषद का भी विस्तार होगा। इसमें डोबो, तमोलिया और पुडिसीली जैसे क्षेत्रों को जोड़ा जाएगा। इस विस्तार के साथ ही नगर परिषद की दो लाख से अधिक की आबादी शहरी निकाय का हिस्सा बनेगी। इस विस्तार से कपाली क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं जैसे सड़क, जलापूर्ति और स्वच्छता सेवाएं बेहतर होंगी।
जेएनएसी इलाके में 50 हजार आबादी शामिल होंगी
जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) में मोहरदा, घोड़ाबांदा, और हुरलुंग जैसे क्षेत्रों को शामिल करने की तैयारी है। इन क्षेत्रों में करीब 50 हजार की आबादी निवास करती है। जेएनएसी ने इस विस्तार के लिए प्रस्ताव तैयार कर लिया है, इसके लिए तीन पंचायतों का सैटेलाइट सर्वे पूरा हो चुका है।
जेएनसी के उपनगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने बताया कि सैटेलाइट सर्वे पूरा हो गया है। जेएनएसी क्षेत्र में चौहद्दी का सर्वे किया जा रहा है। मानगो में भी सैटेलाइट सर्वे हो गया है। पंचायत क्षेत्र के लोगों ने शहरी योजनाओं के लाभ पर सहमति जताई है। नगर विकास विभाग की मंजूरी के बाद योजना जल्द ही धरातल पर उतरेगी।
जुगसलाई नप में होंगे बागबेड़ा और कीताडीह
जुगसलाई नगर परिषद में बागबेड़ा और कीताडीह जैसे इलाकों को शामिल किया जाएगा, जिससे इसकी शहरी सीमा का विस्तार होगा। इसमें एक एक लाख की आबादी और जुड़ेगी।