झारखंड में आईएस 191 गैंग का विस्तार कर रहा था अनुज कन्नौजिया
जमशेदपुर के गोविंदपुर में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए शूटर अनुज कन्नौजिया ने मुख्तार अंसारी के आईएस-191 गैंग का झारखंड में विस्तार किया था। उसने राजनीतिक समर्थन वाले छोटे सरगना को अपने साथ मिलाकर...

जमशेदपुर के गोविंदपुर में पिछले दिनों पुलिस मुठभेड़ में मारा गया शूटर अनुज कन्नौजिया मुख्तार अंसारी के आईएस 191 गैंग का विस्तार झारखंड में कर रहा था। उसने इसके लिए हर जिले के छोटे सरगना को अपने साथ मिलाया था। उसका आधार स्थल जमशेदपुर था। इसके लिए उसने ऐसे लोगों को चुना था, जिनके पास राजनीतिक समर्थन था। उनके ही माध्यम से उसने अपने आईएस-191 गैंग से लोगों को जोड़ना शुरू किया था। पुलिस के अनुसार, अनुज के बारे में उस इलाके के दूसरे गैंगस्टर, जिनका अनुज के जुड़ाव वाले गिरोह से प्रतिद्वंदिता थी, उन्हें मालूम था कि वह मुख्तार अंसारी गिरोह का सदस्य है और यहां संगठन विस्तार कर रहा है। सूत्रों ने बताया कि प्रतिद्वंदी गिरोह के सदस्यों ने अनुज कन्नौजिया के राजनीतिक संरक्षण प्राप्त होने के कारण इसकी जानकारी पुलिस को नहीं दी।
आईएस-191 गैंग के लिए रंगदारी, जमीन कारोबार से जुटा रहा था फंड
कन्नौजिया अपने गिरोह के विस्तार के लिए फंड रंगदारी, हत्या और जमीन के कारोबार से ही जुटा रहा था। पुलिस को जांच में कुछ जमीन कारोबारियों के बारे में भी पता चला है, जिनसे कन्नौजिया सम्पर्क में था। आईएस-191 गैंग का मॉडस पहले से ही संपत्ति मूलक अपराध से ज्यादा रहा है।
आईएस-191 गैंग क्या है
मुख्तार अंसारी का आईएस 191 गैंग साल 1997 में वजूद में आया था। इस गिरोह के सदस्य न सिर्फ उत्तर प्रदेश बल्कि दूसरे राज्यों से भी जुड़े थे। यूपी में मुख्तार अंसारी की मौत के बाद से ही पुलिस ने जब आईएस-191 गैंग पर कार्रवाई की तो दूसरे राज्यों में गिरोह के सदस्यों के होने की जानकारी मिली, जिसमें एक कन्नौजिया भी था। 29 मार्च को यूपी एसटीएफ और झारखंड एटीएस के एनकाउंटर में अनुज कन्नौजिया मारा गया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।