एयरपोर्ट का मुनाफा 5 गुना बढ़ा, अब अन्य शहरों से विमान सेवा जोड़ने की तैयारी
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में 45 करोड़ रुपए का शुद्ध मुनाफा अर्जित किया है, जो पिछले साल के मुकाबले पांच गुना अधिक है। रांची से यात्रियों की आवाजाही बढ़ाने के लिए कनेक्टिविटी बढ़ाने...

रांची, वरीय संवाददाता। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में 45 करोड़ रुपए का शुद्ध मुनाफा अर्जित किया है। यह पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में पांच गुना से भी अधिक है। पिछले साल इसका मुनाफा महज आठ करोड़ रुपए रहा था। मुनाफा में आने के बाद इसकी जिम्मेदारी भी बढ़ी है। रांची से देश के अन्य शहरों के लिए कनेक्टिविटी बढ़ाने, विमान सेवाओं के साथ यात्रियों को बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित है। यहां से यात्रियों की आवाजाही की संख्या का निर्धारित लक्ष्य प्रतिदिन दस हजार का है। रांची एयरपोर्ट 2019 में इस लक्ष्य को छू चुका है। लेकिन, उसके बाद इस लक्ष्य को आज तक पूरा नहीं किया जा सका है। इसे पूरा करने के लिए रांची एयरपोर्ट से अन्य एयरलाइंस की सेवाओं को शुरू करने होंगे और नए शहरों से कनेक्टिविटी बढ़ानी होगी। रांची एयरपोर्ट से इस समय हर दिन औसतन 7,500 यात्रियों की आवाजाही हो रही है।
अभी रांची से दो एयरलाइंस की विमान सेवा
रांची से फिलहाल दो एयरलाइंस की विमान सेवाओं का संचालन हो रहा है। इसमें इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस की विमान सेवाएं शामिल हैं। जबकि, अन्य एक विमान सेवा एयर इंडिया की है। स्पाइस जेट और आकाश गंगा एयर की सेवाएं यहां से नहीं हैं। स्पाइस जेट 2021 के बाद बंद हो गई। आकाश गंगा विमानों की कमी की वजह से यहां से बेंगलुरु-हैदराबाद की उड़ान शुरू नहीं हो सकी है।
ये विमान सेवाएं हो चुकी हैं बंद
रांची एयरपोर्ट से अभी तक विमान सेवाओं के विस्तार में आई कमी को दूर नहीं किया जा सका है। यहां से गत तीन वर्षों के दौरान गो एयर की चार विमान सेवाएं और स्पाईस एयर की दो विमान सेवाएं बंद हुईं। इसकी जगह पर नए विमानों की शुरुआत नहीं हुई। जबकि, अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल है और एयरपार्किंग से लेकर हर तरह की सुविधाएं मौजूद हैं।
कोट
रांची एयरपोर्ट से उड़ानों की क्षमता बढ़ी है। यात्रियों की आवाजाही की संख्या में वृद्धि करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल विमानों की उपलब्धता कम होने से इस प्रयास को गति नहीं मिल रही। विमान की संख्या बढ़ेगी तो निश्चित यह संख्या भी बढ़ेगी।
आर मौर्य, एपीडी, रांची
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।