Indian Government s 2026 Target to Eradicate Maoists Ongoing Operations in Jharkhand झारखंड में इस वर्ष ही बरसात के पहले माओवादियों के खात्मे का लक्ष्य, Ranchi Hindi News - Hindustan
Hindi NewsJharkhand NewsRanchi NewsIndian Government s 2026 Target to Eradicate Maoists Ongoing Operations in Jharkhand

झारखंड में इस वर्ष ही बरसात के पहले माओवादियों के खात्मे का लक्ष्य

केंद्र सरकार ने देशभर से माओवादियों को खत्म करने का लक्ष्य 31 मार्च 2026 को रखा, झारखंड पुलिस के द्वारा केंद्रीय बलों के साथ मिलकर रणनीति पर किया जा र

Newswrap हिन्दुस्तान, रांचीSun, 4 May 2025 08:08 PM
share Share
Follow Us on
झारखंड में इस वर्ष ही बरसात के पहले माओवादियों के खात्मे का लक्ष्य

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। केंद्र की सरकार ने देशभर से माओवादियों को खत्म करने का लक्ष्य 31 मार्च 2026 को रखा है। लेकिन झारखंड पुलिस के द्वारा केंद्रीय बलों के साथ मिलकर चलाए जा रहे संयुक्त अभियान में इस वर्ष बरसात के पूर्व ही माओवादियों के पूरी तरह से खात्मे की रणनीति पर काम किया जा रहा है। झारखंड पुलिस के द्वारा सारंडा व कोल्हान के इलाकों को फोकस कर साल 2022 से ही अभियान चलाया जा रहा है। लेकिन बीते कुछ माह से माओवादियों को टोन्टो व गोईलकेरा के कुछ इलाकों में सिमित कर दिया गया है। राज्य पुलिस के द्वारा लगातार सुरक्षा कैंप स्थापित किए जाने से माओवादी दवाब में हैं।

वहीं जिन इलाकों को माओवादियों के प्रभाव से मुक्त करा लिया गया है या जहां कम संख्या में माओवादी सक्रियता है, उन इलाकों पर भी फोकस किया जा रहा है, ताकि माओवादी वर्चस्व स्थापित नहीं कर सकें। प्रयाग मांझी के अंत से बोकारो-गिरिडीह में बड़ी राहत सारंडा में माओवादियों के खिलाफ चल रहे अभियान को लेकर माओवादियों ने तैयारी की थी कि वह उत्तरी छोटानागपुर इलाके में कैडरों को जोड़कर पार्टी की खोयी जमीन हासिल कर सके। पार्टी के सेंट्रल कमेटी मेंबर प्रयाग मांझी के द्वारा नए कैडरों को जोड़ने की योजना पर काम किया जा रहा था। लेकिन लुगू पहाड़ में मुठभेड़ में प्रयाग मांझी, अरविंद यादव, साहिबराम मांझी समेत आठ माओवादी मारे गए। इस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उत्तरी छोटानागपुर में दबिश बढ़ायी है, ताकि माओवादी फिर से दुबारा जड़े स्थापित नहीं कर सकें। इसमें अब परवेश, वीरसेन उर्फ चंचल जैसे माओवादी अपने सशस्त्र दस्ते के साथ बचे हैं। पारसनाथ से लेकर झुमरा व लुगु पहाड़ इलाके में माओवादियों का प्रभाव कम हो चुका है। एक-एक माओवादियों के खिलाफ टारगेट बेस्ट अभियान कोल्हान इलाके में वर्तमान में पोलित ब्यूरो मेंबर व एक करोड़ का इनामी मिसिर बेसरा, सेंट्रल कमेटी मेंबर पतिराम मांझी उर्फ अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगारिया, अश्विन, पिंटू लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत, रापा मुंडा अपने दस्ते के साथ सक्रिय हैं। राज्य पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, भाकपा माओवादियों के सभी बड़े नेताओं के खिलाफ टारगेट बेस्ट अभियान चलाया जा रहा है। अधिकांश माओवादियों के लोकेशन व उनसे जुड़े लोगों की सूचनाएं पुलिस बलों के पास उपलब्ध हैं। आगजनी व स्पलिंटर ग्रुप की वारदात रोकने का टास्क राज्य पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के एसपी को नक्सल या अन्य स्पलिंटर ग्रुप के द्वारा लेवी के लिए आगजनी की घटनाओं पर लगाम कसने का आदेश दिया है। इलाके में सक्रिय उग्रवादियों के खिलाफ स्थानीय आसूचना मजबूत करने व स्पाई नेटवर्क तैयार करने का काम थानेदारों से कराने का निर्देश डीजीपी ने हाल ही में दिया है। वहीं सभी सरकारी या गैर सरकारी कंपनियों, एजेंसियों के साइट पर विशेष ऐहतियात बरतने, सीसीटीवी लगाने का निर्देश भी दिया गया है। साथ ही लेवी की सूचना पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर थानेदारों को कार्रवाई करने का आदेश भी पुलिस मुख्यालय के द्वारा दिया गया है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।