डोरंडा कॉलेज करेगा आरयू अंतर कॉलेज कविता प्रतियोगिता की मेजबानी
रांची विश्वविद्यालय के डोरंडा कॉलेज में 25 अप्रैल को अंतर-कॉलेज कविता प्रतियोगिता सह कवि सम्मेलन-2025 का आयोजन होगा। इसमें सभी कॉलेजों से प्रतिभागियों को आमंत्रित किया गया है। प्रतियोगिता 14 भाषाओं...

रांची, विशेष संवाददाता। डोरंडा कॉलेज में रांची विश्वविद्यालय अंतर-कॉलेज कविता प्रतियोगिता सह कवि सम्मेलन-2025 का आयोजन 25 अप्रैल को होने जा रहा है। इसमें भाग लेने के लिए विश्वविद्यालय के अंतर्गत सभी कॉलेजों से प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। इस आयोजन का उद्देश्य युवा कवियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा और भाषाई विविधता प्रदर्शित करने के लिए एक जीवंत मंच प्रदान करना है। इस वर्ष की प्रतियोगिता 14 अलग-अलग भाषाओं में कविता पाठ को प्रोत्साहित करेगी। इसके तहत- नागपुरी, खोरठा, पंचपरगनिया, कुरमाली, कुडुख, हो, संथाली, मुंडारी और खड़िया, संस्कृत, बंगाली, हिन्दी, अंग्रेजी, उर्दू में स्वरचित रचनाओं की प्रस्तुति होगी। इस पहल का उद्देश्य विभिन्न पृष्ठभूमि के कवियों के लिए समावेशी मंच प्रदान करना है। इसमें भागीदारी के लिए कॉलेज की ओर से दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। प्रत्येक भाग लेनेवाला कॉलेज सभी भाषाओं के लिए 1-1 प्रतिभागी को नामांकित कर सकता है। प्रत्येक प्रतिभागी एक स्वरचित कविता का पाठ कर सकता है। विषय मौके पर ही दिया जाएगा।
कविता 14 भाषाओं में से किसी में भी हो सकती है। प्रस्तुति की अवधि 5 मिनट से अधिक नहीं होनी चाहिए। निर्णायक मंडली का निर्णय अंतिम होगा। सभी प्रतिभागियों को भागीदारी के लिए प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे और प्रत्येक भाषा श्रेणी में विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लए 22 अप्रैल तक नामांकित प्रतिभागियों के नाम उनकी चुनी हुई कविता की भाषा के साथ प्रविष्टि भेजनी होगी। इस आयोजन के लिए डोरंडा कॉलेज की ओर से प्राचार्य डॉ राजकुमार शर्मा की अध्यक्षता में गठित समिति में डॉ मंजु लाल, डॉ मलय भारती, डॉ शिल्पी, शालिनी, डॉ अरविंद कुमार, डॉ योगेश कुमार और डॉ मार्शल पूर्ति शामिल हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।