राजधानी की हालत बद से बदतर हो रही है : संजय सेठ
ग्रामीण क्षेत्रों में तीन-तीन दिन, शहर में भी 12 से 15 घंटे बत्ती गुल हो रही, तीन-तीन दिन तक 3 से 4 लाख की आबादी को पानी नहीं मिल पा रहा, यातायात नियम

रांची, संवाददाता। राजधानी की हालत बद से बदतर हो रही है। एक तरफ रांची को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए प्रमोट कर रहे हैं। दूसरी तरफ लोगों को बिजली, पानी, सफाई नहीं दे पा रहे हैं। हम कैसे नंबर एक होंगे। इंदौर को पछाड़ेंगे। एक साल पहले शिलन्यास की गई योजनाएं अब तक पूरी नहीं हुई हैं। पूछने पर जवाब मिलता है कि सारा पैसा सरेंडर करा लिया गया। कई जगह आधी सड़क का निर्माण हुआ है, उसका भी पैसा नहीं मिल रहा है। पूछने पर बताते हैं कि सारा पैसा मईंया सम्मान योजना में चला जा रहा है, दूसरी तरफ मईंया सम्मान योजना का पैसा भी नहीं मिल रहा है।
यह बातें केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने शनिवार को अरगोड़ा स्थित अपने कार्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि लाखों बेटियों के साथ धोखा हुआ है, वोट लेने के नाम पर फ्रॉड हुआ। महिलाओं को कहा कि आप हमें वोट दो। हम आपको मईंया सम्मान की राशि देंगे। पर अब वो पछता रही हैं। कह रही हैं कि गलती हो गई है। उन्होंने कहा कि गर्मी पड़ी नहीं और बिजली गायब, पानी गायब। यह रांची की स्थिति है। ग्रामीण क्षेत्रों में तीन-तीन दिन बिजली गायब रही है। शहर में भी 12 से 15 घंटे बत्ती गुल हो रही है। अधिकारियों के कान में जू कब रेंगेगी। दो-दो तीन-तीन दिन तक 3 से 4 लाख की आबादी को पानी नहीं मिल रहा है और प्रशासनिक स्तर पर कोई तैयारी नहीं है। रांची में नियमित रूप से नागरिकों को बिजली बिल मिले, इसकी व्यवस्था पहले सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यातायात नियमों का पालन होना चाहिए, पर इसकी आड़ में 30-30 हजार फाइन काटा जा रहा है। बड़े पैमाने पर ट्रैफिक चालान भेजे जा रहे हैं। यह आतंक बंद होना चाहिए। ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए सरकार को सख्त होना चाहिए, लेकिन सख्ती की आड़ में आम जनता के साथ बर्बरता नहीं होनी चाहिए। सरकार ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करे और एक कैंप लगाकर इतने बड़े पैमाने पर जो चालान काटे गए हैं, उसमें रियायत दे और उसका समाधान हो। इसके अलावा उन्होंने कहा कि यहां ब्राउन शुगर के मामले बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं। जिस अनुपात में पुलिस कार्रवाई कर रही है, उससे कई गुना अधिक अनुपात में इसकी खरीद-बिक्री हो रही है। रांची शहर नशाखोरी का हब बनता जा रहा है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इसके लिए एक अलग से टीम का गठन हो, जो ऐसी शिकायतों पर ठोस कार्रवाई करे। ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद से निपटने के तीन सूत्र तय कर दिए रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आतंकवाद मुक्त भारत और नक्सल मुक्त भारत अभियान पर देश के सुरक्षा बल बेहतर कार्य कर रहे हैं। जनता का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद से निपटने के तीन सूत्र तय कर दिए हैं। भारत पर आतंकी हमला हुआ तो करारा जवाब मिलेगा, समय हमारी सेनाएं तय करेंगी, तरीका भी हमारी सेनाएं तय करेंगी और शर्तें भी हमारी होंगी। एटम बम की गीदड़ भभकियों से भारत डरने वाला नहीं है। तीसरा हम आतंक के आकाओं और आतंक की सरपरस्त सरकार को अलग-अलग नहीं देखेंगे, उन्हें एक ही मानेंगे। पाकिस्तान का ये स्टेट और नॉन-स्टेट एक्टर वाला खेल अब नहीं चलेगा। लोकसभा अध्यक्ष का नागरिक अभिनंदन आज शहर के डंगराटोली स्थित स्वर्ण बैंक्वेट हॉल में रविवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का नागरिक अभिनंदन होगा। कार्यक्रम शाम पांच बजे शुरू होगा, जिसमें शहर की सभी सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संस्थाओं की ओर से उनका अभिनंदन और स्वागत किया जाएगा। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि झारखंड की राजधानी रांची में पहली बार लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का आगमन हो रहा है। उन्होंने रांची के सभी लोगों से स्वागत अभिनंदन समारोह में पहुंचने की अपील की। साथ ही इस क्षण को ऐतिहासिक व स्मरणीय बनाने का आग्रह किया। यह आयोजन राजस्थान फाउंडेशन रांची चैप्टर की ओर से किया जा रहा है। फाउंडेशन के अध्यक्ष अजय मारू व कार्यक्रम संयोजक मुकेश काबरा ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला पहली बार रांची आ रहे हैं। इस अवसर पर नागरिक अभिनंदन समारोह का आयोजन रखा गया है। कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ का भी अभिनंदन किया जाएगा। कार्यक्रम में सहयोगी के रूप में पुनीत पोद्दार, ऐश्वर्य सेठ, राम बांगड़, रोहित अग्रवाल, राहुल मारू, प्रमोद सारस्वत, अमित चौधरी, मनीष लोधा, जय प्रकाश सिंघानिया, विकास अग्रवाल, विकास गोयल, गौरव काबरा, नितिन भालोटिया समेत कई अन्य शामिल हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।