बारिश से रबी फसल को नुकसान आम के मंजर को आंशिक क्षति
खूंटी जिले में गुरुवार को हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहा। औसतन 7 मिलीमीटर वर्षा हुई, जिससे रबी और सब्जी की फसलों को कोई खास नुकसान नहीं हुआ, लेकिन आम और...

खूंटी, संवाददाता। जिले में गुरुवार को हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहा, जो अन्य दिनों की तुलना में कम रहा। गुरुवार को जिलेभर में औसतन 7 मिलीमीटर वर्षा हुई, जिससे रबी एवं सब्जी की फसलों को कोई विशेष नुकसान नहीं हुआ।हालांकि, शाम के समय चली तेज हवाओं और आधे घंटे की बारिश से आम और महुआ की फसल को आंशिक क्षति हुई। अड़की प्रखंड में सबसे अधिक 17.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि खूंटी प्रखंड में 6 मिलीमीटर, मुरहू प्रखंड में 5.1 मिलीमीटर, तोरपा में 6.4 मिलीमीटर वर्षा हुई। रनिया प्रखंड में बारिश नहीं हुई, वहीं कर्रा प्रखंड में वर्षामापक यंत्र खराब होने के कारण वहां के वर्षापात का सटीक आंकड़ा नहीं मिल सका।
हालांकि, स्थानीय लोगों के अनुसार, कर्रा प्रखंड में भी अच्छी बारिश हुई है। फसलों पर प्रभावकृषि विशेषज्ञों का कहना है कि इस बारिश से रबी की फसलों को कोई बड़ा नुकसान नहीं होगा, क्योंकि अधिकांश स्थानों पर गेहूं की फसल पककर तैयार हो चुकी थी और किसानों ने इसकी कटाई भी शुरू कर दी थी। दलहन-तिलहन की फसलों को भी इस हल्की बारिश से कोई विशेष हानि नहीं होगी। इसके अलावा, सब्जी की खेती पर भी कम प्रभाव पड़ा है।कम मात्रा में हुई वर्षा ने खेतों की नमी बनाए रखने में मदद की है, जिससे फसलों को फायदा मिलेगा।
हालांकि, कृषि मौसम वैज्ञानिक राजन चौधरी ने किसानों को खेतों में जलजमाव न होने देने की सलाह दी है, खासकर सब्जियों के खेतों में। उन्होंने कहा कि रबी की कुछ फसलें अभी तैयार होने की स्थिति में हैं, जिन्हें समय रहते सुरक्षित रखना जरूरी होगा।शहर में जलजमाव की समस्यागुरुवार की बारिश के बाद खूंटी शहर में जलजमाव की समस्या सामने आई। हमेशा की तरह भगत सिंह चौक और डाकबंगला रोड में पानी भर गया, जिससे राहगीरों को परेशानी हुई। कई अन्य स्थानों पर भी नालियों की सफाई न होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बहता नजर आया। खूंटी के निचले इलाकों में जलजमाव से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। शहर में जर्जर सड़कों के गड्ढों में पानी भरने से भी आवागमन प्रभावित हुआ। राहगीरों और वाहन चालकों को फिसलन भरी सड़कों पर सावधानी बरतनी पड़ी।
कृषि मौसम वैज्ञानिक राजन चौधरी ने बताया कि शुक्रवार देर शाम को भी खूंटी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वे अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय करें और जल निकासी की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।