रनिया में हाथी ने घर ढाहा, मलवे में दबे दंपति
रनिया थाना क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक बढ़ रहा है। हाल ही में एक हाथी ने मनाहतु गांव में घुरन महतो का घर ध्वस्त कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने हाथी को भगाकर दंपति को...

रनिया, प्रतिनिधि। रनिया थाना क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन हाथियों के झुंड द्वारा गांवों में घुसकर घरों, फसलों और अनाज को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इसी सिलसिले में मंगलवार की देर रात करीब डेढ़ बजे एक विशालकाय जंगली हाथी मनाहतु गांव में घुस आया और घुरन महतो के घर को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। घटना के वक्त घुरन महतो और उनकी पत्नी पुष्पा देवी गहरी नींद में सो रहे थे। घर ध्वस्त होने से दोनों मलवे में दब गए। इधर, अचानक घर गिरने की आवाज सुनकर गांव के लोग जागे और हाथी को भगाने की कोशिश की।
ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए हाथी को गांव से बाहर खदेड़ा और मलबे में दबे घायल दंपति को बाहर निकाला। इस हादसे में घुरन महतो गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि उनकी पत्नी को आंशिक चोटें आई हैं। घुरन महतो को इलाज के लिए गंभीर हालत में रांची के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हाथी ने घर में रखे करीब पांच क्विंटल चावल समेत कई घरेलू सामानों को बर्बाद कर दिया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इससे पूर्व भी आसपास के गांवों में ऐसी घटनाएं होती रही हैं, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि वे जंगली हाथियों के उत्पात को रोकने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाएं, ताकि लोगों की जानमाल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।