पहाड़ पर ले गया सोशल मीडिया दोस्त, दो दोस्तों के साथ गैंगरेप; तबीयत बिगड़ने पर छोड़कर गए
झारखंड के रांची में नामकुम थाने की पुलिस ने युवती से गैंगरेप के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जगदीश स्वांसी, विष्णु मुंडा और दीपक मुंडा के तौर पर हुई है। तीनों आरोपी नामकुम थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

झारखंड के रांची में नामकुम थाने की पुलिस ने युवती से गैंगरेप के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जगदीश स्वांसी, विष्णु मुंडा और दीपक मुंडा के तौर पर हुई है। तीनों आरोपी नामकुम थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। घटना नामकुम थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले हुई थी, लेकिन पीड़िता के पिता ने 27 अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज कराई। रांची के पुलिस सुपरिटेंडेंट (ग्रामीण) सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया, "शिकायत के आधार पर एक टीम गठित की गई और अपराध में शामिल सभी तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।"
सोशल मीडिया के जरिए होती थी बात
मामले का खुलासा करते हुए ग्रामीण एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि आरोपी विष्णु मुंडा और युवती के बीच दोस्ती थी। सरस्वती पूजा के दौरान दोनों एक-दूसरे से बातचीत करते थे। सोशल मीडिया पर भी दोनों की बातचीत होती रहती थी। इसी दौरान युवती सरवल बाजार से अपने घर लौट रही थी। आरोपी विष्णु उसे एक पहाड़ पर ले गया, जहां पर वह सोया करता था। वहां पर पहले से आरोपी के दो दोस्त जगदीश स्वांसी और दीपक मुंडा मौजूद था। इसके बाद तीनों ने बारी-बारी से युवती से दुष्कर्म किया। इससे युवती की तबियत बिगड़ गई। जब वह घर लौटी तो परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
आरोपियों ने कबूला जुर्म
हालांकि, युवती आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराना चाह रही थी, मगर उसे गांव के आरोपियों ने धमकी दी थी कि अगर वह थाने गई तो उसे वह जान से मार देगा। मामले की जानकारी मिलने के बाद 27 अप्रैल को युवती परिजनों के साथ नामकुम थाने पहुंची और मामला दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म स्वीकार किया है।