Jamshedpur in cleanliness tops Bihar-Jharkhand स्वच्छता में जमशेदपुर बिहार-झारखंड में अव्वल, Jharkhand Hindi News - Hindustan
Hindi Newsझारखंड न्यूज़Jamshedpur in cleanliness tops Bihar-Jharkhand

स्वच्छता में जमशेदपुर बिहार-झारखंड में अव्वल

स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 के तहत जमशेदपुर शहर ने बिहार-झारखंड में अव्वल स्थान पाया है। 2016 में जमशेदपुर ने 10 लाख की आबादी वाले शहरों में पूर्वी भारत में पहला स्थान हासिल किया था, जबकि 2019 में टू...

Abhishek Kumar जमशेदपुर । वरीय संवाददाता, Wed, 20 May 2020 01:22 PM
share Share
Follow Us on
स्वच्छता में जमशेदपुर बिहार-झारखंड में अव्वल

स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 के तहत जमशेदपुर शहर ने बिहार-झारखंड में अव्वल स्थान पाया है। 2016 में जमशेदपुर ने 10 लाख की आबादी वाले शहरों में पूर्वी भारत में पहला स्थान हासिल किया था, जबकि 2019 में टू स्टार रेटिंग मिली थी।
राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 की रिपोर्ट में कचरा मुक्त शहर के लिए जमशेदपुर को थ्री स्टार रेटिंग मिली है। जमशेदपुर झारखंड और बिहार का इकलौता शहर है, जिसकी थ्री स्टार रेटिंग हुई है। इसके साथ ही यह दोनों राज्यों में पहले नंबर पर है।
जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति का अधिकांश हिस्सा टाटा स्टील के तहत आता है। यही कारण है कि रोड, नालियों की सफाई से लेकर कचरा उठाव व निस्तारण में मदद मिल जाती है। इस क्षेत्र में रहनेवाले लोगों को पर्याप्त नागरिक सुविधाएं मिलती हैं। गैर कंपनी इलाके में भी डोर टू डोर कचरा उठाव की सुविधा केवल जमशेदपुर अक्षेस में ही पूरी तरह लागू है। जमशेदपुर अक्षेस ने अपने क्षेत्र को डस्टबिन मुक्त क्षेत्र बना दिया है। शहर में कहीं पर कचरा जमा नहीं दिखता। दुकानदारों को डस्टबिन दिया जाता है, ताकि वे कचरा को सड़क या नाली में न फेंकें। अक्षेस के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि पिछले वर्ष 2019 में जमशेदपुर को टू स्टार रेटिंग मिली था। इस वर्ष थ्री स्टार मिली है। इसके लिए विशेष पदाधिकारी ने नगर निकाय के सभी कर्मचारियों व आम नागरिकों को बधाई दी है।
स्टार ग्रेडिंग में थे 1435 नगर निकाय
नगर विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के मूल्यांकन के लिए गार्बेज फ्री स्टार रेटिंग की शुरुआत की गई। इसमें कुल 1435 नगर निकायों ने आवेदन किया। 698 शहरों का चयन दूसरे चरण के लिए किया गया। चयनित शहरों का भ्रमण के आधार पर मूल्यांकन किया गया। इसके बाद 19 मई को परिणाम जारी किया गया। कुल 141 नगर निकायों को स्टार ग्रेडिंग प्रदान की गई। पूरे भारत में छह शहरों को फाइव स्टार रेटिंग मिली है। इनमें इंदौर, मैसूर, सूरत, राजकोट, नवी मुंबई एवं अंबिकापुर शामिल हैं। देश के 65 शहरों को थ्री स्टार ग्रेडिंग दी गई है, जबकि 70 शहरों को फर्स्ट स्टार ग्रेडिंग प्रदान की गई। विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार ने थ्री स्टार ग्रेडिंग मिलने के कारण स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 में जमशेदपुर को 600 अंक प्राप्त होने की संभावना जताई है।