दिन में कितनी बार खाना खाना होता है फायदेमंद? जानें क्या कहता है आयुर्वेद
अक्सर लोगों के मन में कन्फ्यूजन बनी रहती है कि दिन में कितनी बार भोजन करना चाहिए। तो चलिए आज आयुर्वेद में बताए गए भोजन से जुड़े नियम जानते हैं और इस सवाल का जवाब भी।

खाना सिर्फ पेट भरने के लिए ही नहीं खाया जाता बल्कि शरीर को पोषण देने में भी इसका अहम रोल होता है। हम क्या खाते हैं, कैसे खाते हैं और कब खाते हैं; इन सभी बातों का हमारी सेहत पर असर पड़ता है। जी हां, खाने की टाइमिंग भी उतनी ही जरूरी है, जितना कि हेल्दी खाना। आयुर्वेद में तो खासतौर से खाने के समय को बहुत महत्व दिया गया है। अक्सर लोगों के मन में सवाल रहता है कि हेल्दी रहने के लिए दिन में कितनी बार भोजन करना चाहिए। तो चलिए आयुर्वेद के अनुसार ही यह जानने की कोशिश करते हैं कि दिन में किस समय भोजन करना फायदेमंद रहेगा।
आयुर्वेद के अनुसार कितनी बार करें भोजन
आयुर्वेद की मानें तो दिन में दो बार भोजन करना शरीर के लिए सबसे ज्यादा फायदेमंद होता है। आयुर्वेद में एक कहावत बहुत फेमस है कि जो लोग एक समय भोजन करते हैं वो योगी होते हैं, दो समय भोजन करने वाले भोगी होते हैं और तीन समय भोजन करने वाले रोगी होते हैं। ऐसे में स्वस्थ रहना है तो दो समय भोजन करें। पहली मील सुबह 10 से 12 बजे के बीच ले सकते हैं वहीं दूसरी मील शाम के 5 से 7 बजे यानी सूर्यास्त से पहले हो जानी चाहिए। इसके अलावा यदि तेज भूख लग रही हो या कोई व्यक्ति अधिक शारीरिक श्रम वाला काम करता है, तो उसके लिए बीच में हल्का भोजन जैसे फल, सूप, छाछ आदि लेना सही है।
ऐसा रखें सुबह का भोजन
आयुर्वेद के अनुसार सुबह का खाना 10 से 12 बजे के बीच में हो जाना चाहिए। यानी ये ब्रेकफास्ट और लंच का एक कॉम्बिनेशन होना चाहिए। चूंकि ये दिन की पहली मील है इसलिए कोशिश करें कि ये पूरी तरह बैलेंस हो। यानी इसमें प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, फाइबर और फैट सभी एक संतुलित मात्रा में शामिल हों। हालांकि इस समय शरीर की जठराग्नि सबसे तीव्र होती है इसलिए कुछ भारी भी खाना है, तो ये समय सबसे बेस्ट होता है।
शाम का भोजन हो ऐसा
आयुर्वेद के मुताबिक शाम का भोजन सूर्यास्त से पहले कर लेना चाहिए क्योंकि सूर्य के अस्त होते ही पाचन शक्ति भी धीमी हो जाती है। इस समय हल्का और आसानी से पचने वाला आहार लेना चाहिए। आप शाम के समय खिचड़ी, सूप या दलिया आदि को अपने आहार में शामिल कर सकते हैं। बहुत देर रात में खाना खाने से या भारी भोजन करने से पाचन पर असर पड़ता है और नींद भी प्रभावित होती है।
भोजन से जुड़ी कुछ जरूरी बातें
आयुर्वेद के अनुसार बार-बार भोजन करने की आदत हेल्थ के लिहाज से सही नहीं है। इससे पाचन शक्ति पर बुरा असर पड़ता है, साथ ही इससे शरीर में टॉक्सिन्स बनने लगते हैं। इसके अलावा आयुर्वेद का कहना है कि भोजन स्वाद के लिए नहीं बल्कि भूख लगने पर करना चाहिए। इस बात का भी ध्यान रखें कि एक बार खाना खाने के लगभग 6 घंटे बाद ही दूसरी मील लें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।