नाश्ते में मैंगो शेक ही नहीं बना सकते हैं आम पराठा, मुंह में घुल जाएगी रेसिपी
Mango Paratha Recipe: आम का पराठा टेस्टी होने के साथ बेहद कम चीजों और समय में बनकर तैयार हो जाता है। तो नाश्ते में अगर बच्चा रोज-रोज मैंगो शेक पीने से मना करे तो डाइट में आम शामिल करने के लिए उसे बनाकर दें आम का टेस्टी पराठा।

Mango Paratha Recipe: छोटे बच्चों को चीनी का पराठा बनाकर तो आपने कई बार खिलाया होगा। लेकिन क्या आप जानते हैं मीठे के शौकीन छोटे बच्चों को चीनी की जगह आप आम का पराठा बनाकर भी खिला सकते हैं। मीठा पराठा बच्चे हों या बड़े, दोनों को खाना बेहद पसंद होता है। आम का पराठा टेस्टी होने के साथ बेहद कम चीजों और समय में बनकर तैयार हो जाता है। तो नाश्ते में अगर बच्चा रोज-रोज मैंगो शेक पीने से मना करे तो डाइट में आम शामिल करने के लिए उसे बनाकर दें आम का टेस्टी पराठा।
आम का पराठा बनाने के लिए सामग्री
-1 कप पका हुआ आम (छीलकर मैश किया हुआ)
-2 कप गेहूं का आटा
-1/2 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
-1-2 बड़ा चम्मच चीनी या गुड़
-1/4 छोटा चम्मच नमक
-1 बड़ा चम्मच घी (आटे में डालने के लिए)
-पानी (आवश्यकतानुसार, आटा गूंथने के लिए)
-घी या तेल (पराठा तलने के लिए)
आम का पराठा बनाने का तरीका
आम का पराठा बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े कटोरे में गेहूं का आटा, नमक, इलायची पाउडर, 1 बड़ा चम्मच घी और मैश किया हुआ आम डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अगर जरूरत महसूस हो तो थोड़ा सा पानी डालकर सभी चीजों से नरम आटा गूंथ लें। गूंथे हुए आटे को 10-15 मिनट के लिए ढककर रेस्ट करने के लिए रख दें। इसके बाद आटे को बराबर हिस्सों में बांटकर उससे छोटी-छोटी लोइयां बनाकर तैयार कर लें। अब एक लोई लेकर उसे सूखे आटे में लपेटकर गोल पराठा बेल लें। इस बात का खास ध्यान रखें कि पराठा न तो ज्यादा पतला हो और न ही ज्यादा मोटा हो। इसके बाद गरम तवे पर पराठा डालकर दोनों तरफ से हल्का सुनहरा होने तक सेंकें। पराठे पर दोनों साइड से थोड़ा-थोड़ा घी या तेल लगाकर क्रिस्प होने तक सेकें। आपका टेस्टी आम पराठा बनकर तैयार है। आप इसे दही, अचार, या मक्खन या मीठे स्वाद के लिए शहद या आम की चटनी के साथ परोस सकते हैं।
पराठे का स्वाद बढ़ाने के लिए अन्य टिप्स
-पराठा बनाने के लिए पके और रसदार आम का उपयोग करें।
-आम ज्यादा मीठा होने पर चीनी या गुड़ का कम यूज करें।
-पराठे को एयरटाइट डिब्बे में रखकर 1-2 दिन तक स्टोर कर सकते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।