nitin gadkari innugarate national highway project in madhya pradesh in presence of cm mohan yadav MP को गडकरी की सौगात, 5800 करोड़ की सड़क परियोजनाएं; एक साल में होंगे 3 लाख करोड़ के काम, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
Hindi Newsमध्य प्रदेश न्यूज़nitin gadkari innugarate national highway project in madhya pradesh in presence of cm mohan yadav

MP को गडकरी की सौगात, 5800 करोड़ की सड़क परियोजनाएं; एक साल में होंगे 3 लाख करोड़ के काम

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि आने वाले दो साल में मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग का नेटवर्क अमेरिका से भी अच्छा बन जाएगा। कहा कि एक साल के भीतर राज्य में तीन लाख करोड़ रुपए के बुनियादी अवसंरचना विकास के काम पूरे कर लिए जाएंगे।

Subodh Kumar Mishra भाषा, धार, मध्य प्रदेशThu, 10 April 2025 03:32 PM
share Share
Follow Us on
MP को गडकरी की सौगात, 5800 करोड़ की सड़क परियोजनाएं; एक साल में होंगे 3 लाख करोड़ के काम

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि आने वाले दो साल में मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग का नेटवर्क अमेरिका से भी अच्छा बन जाएगा। साथ ही कहा कि एक साल के भीतर राज्य में तीन लाख करोड़ रुपए के बुनियादी अवसंरचना विकास के काम पूरे कर लिए जाएंगे। धार जिले में मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में 5,800 करोड़ रुपये की लागत वाली 10 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के बाद गडकरी ने यह बात कही।

केंद्रीय सड़क परिवहन और राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री ने जॉन एफ केनेडी का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने कहा था अमेरिकी सड़कें इसलिए अच्छी नहीं हैं क्योंकि अमेरिका अमीर है, बल्कि इसलिए कि अमेरिका अमीर है क्योंकि अमेरिकी सड़कें अच्छी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं मध्य प्रदेश की जनता को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आने वाले दो साल के अंदर प्रदेश का राष्ट्रीय राजमार्ग सड़क नेटवर्क अमेरिका से भी अच्छा बनेगा।’’ गडकरी ने कहा कि कहा कि वह हवा में बातें नहीं करते हैं और जो भी वादा करते हैं, उसे डंके की चोट पर पूरा भी करते हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री यादव मध्य प्रदेश को सुखी और समृद्ध बनाने के मिशन में जुटे हुए हैं। सभी क्षेत्रों में यह राज्य बहुत तेजी से प्रगति कर रहा है। गडकरी ने कहा कि बतौर केंद्रीय मंत्री उन्होंने मध्य प्रदेश के इस विकास को बहुत नजदीक से देखा है। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व मे भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद उन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग का जिम्मा सौंपा गया। पिछले 11 साल में उन्होंने देश के सभी क्षेत्रों में कई सड़कें, फ्लाईओवर और पुल-पुलिया बनवाए।

गडकरी ने कहा कि किसी भी देश के विकास में बुनियादी अवसंरचना विकास की बड़ी भूमिका होती है। जल, ऊर्जा, परिवहन और संचार जहां होते हैं, वहां उद्योग और व्यापार बढ़ता है। जब उद्योग और व्यापार बढ़ता है वहां लोगों को रोजगार मिलता है और जहां रोजगार मिलता है, वहां गरीबी, भुखमरी और बेरोजगारी नहीं टिकती। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में भी बुनियादी अवसंरचना विकास के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। कहा कि मध्य प्रदेश में एक साल खत्म होगा तो लाख करोड़ रुपए के बुनियादी ढांचे का काम मैं पूरा करके दूंगा।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सड़क परिवहन के क्षेत्र में गडकरी के नेतृत्व में देश में एक बड़ी क्रांति हो रही है। कहा कि अतीत में भारत की सड़कों में गड्ढे ढूंढकर उसका मजाक उड़ाया जाता था और चमचमाती सड़कों के लिए अमेरिका और यूरोप के देशों का नाम लिया जाता था। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सड़क संपर्क के मामले में भारत दुनिया का सबसे अच्छा देश बनेगा। यादव ने कहा कि सड़क संपर्क के मामले में आज जिस गति से काम चल रहा है, उसने लोगों की जिंदगी बदलने का काम किया है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।