Rain in many areas of MP amidst intense heat and heatwave, know where it will rain today MP में भीषण गर्मी के बीच कई इलाकों में बारिश, कई जगह चली जोरदार आंधी; जानिए आज कहां गिरेगा पानी, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
Hindi Newsमध्य प्रदेश न्यूज़Rain in many areas of MP amidst intense heat and heatwave, know where it will rain today

MP में भीषण गर्मी के बीच कई इलाकों में बारिश, कई जगह चली जोरदार आंधी; जानिए आज कहां गिरेगा पानी

  • बीते दिन के मौसम की बात करें तो अधिकतम तापमान सागर संभाग के जिलों में बुधवार की तुलना में 2.1 डिग्री सेल्सियस तक बढ़े, और शेष सभी संभागों के जिलों के तापमानों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ।

Sourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, भोपाल, मध्य प्रदेशFri, 18 April 2025 03:13 PM
share Share
Follow Us on
MP में भीषण गर्मी के बीच कई इलाकों में बारिश, कई जगह चली जोरदार आंधी; जानिए आज कहां गिरेगा पानी

मध्य प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में जहां एक तरफ जहां भीषण गर्मी पड़ रही है, तो वहीं दूसरी तरफ कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी मौसम में ठंडक घोल रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के भोपाल, उज्जैन संभागों के कुछ जिलों में कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई एवं शेष सभी संभागों के जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। रतलाम में लू का प्रभाव रहा, जबकि भोपाल व उज्जैन में रात गर्म रही। इस दौरान प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस नर्मदापुरम में दर्ज किया गया, तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार 18 अप्रैल को प्रदेश के शाजापुर, देवास, सीहोर, हरदा, खंडवा और बुरहानपुर जिले में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।

इन इलाकों में हुई बारिश, कई जगह चली जोरदार आंधी

बीते दिन प्रदेश के हाटपिपल्या में 15 मिमी, आष्टा में 5 मिमी, शाजापुर में 4 मिमी, नागदा में 3.2 मिमी, गुलाना में 3 मिमी, गरोठ में 2.2 मिमी, जावर में 2 मिमी, सोनकच्छ और सुवासरा में 1 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान शाजापुर में 72 kmph, हरदा में 63 kmph, आगर में 53 kmph, सागर में 50 kmph, सतना (चित्रकूट) में 32 kmph और शहडोल में 30 kmph की गति से तेज हवा चली। साथ ही आगर, शाजापुर, मंदसौर, देवास, खंडवा, उज्जैन और सीहोर में झंझावात भी आया।

गुरुवार को सभी जगह अधिकतम तापमान में हुई वृद्धि

बीते दिन के मौसम की बात करें तो अधिकतम तापमान सागर संभाग के जिलों में बुधवार की तुलना में 2.1 डिग्री सेल्सियस तक बढ़े, और शेष सभी संभागों के जिलों के तापमानों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। वे भोपाल, नर्मदापुरम, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, सागर संभागों के जिलों में सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री तक ज्यादा रहे एवं शेष सभी संभागों के जिलों में सामान्य रहे। न्यूनतम तापमान भोपाल संभाग के जिलों में एक दिन पहले की तुलना में 3.4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़े एवं शेष सभी संभागों के जिलों के तापमानों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। वे इंदौर, नर्मदापुरम, ग्वालियर, सागर संभागों के जिलों में सामान्य से 2 से ढाई डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा रहे। भोपाल, उज्जैन, रीवा, शहडोल संभागों के जिलों में सामान्य से 3.2 डिग्री से 3.5 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा रहे एवं शेष सभी संभागों के जिलों में सामान्य रहे।

सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान वाले 5 शहर

नर्मदापुरम- 43.6 डिग्री सेल्सियस

रतलाम- 43.2 डिग्री सेल्सियस

गुना- 42.4 डिग्री सेल्सियस

ग्वालियर/धार/नरसिंहपुर- 42 डिग्री सेल्सियस

टीकमगढ़/राजगढ़/उज्जैन- 41.5 डिग्री सेल्सियस

सिनोप्टिक मौसमी परिस्थितियां

पश्चिमी विक्षोभ पूर्वोत्तर ईरान और उससे निकटवर्ती अफगानिस्तान पर चक्रवाती परिसंचरण के रूप में स्थित है और औसत समुद्र तल से 3.1 किमी और 9.6 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण दक्षिणी उत्तर प्रदेश के औसत भागों में औसत समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। एक ट्रफ उत्तरी मध्य महाराष्ट्र में मराठवाड़ा, आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, तमिलनाडु से होते हुए मन्नार की खाड़ी तक औसत समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊंचाई पर विस्तृत है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।