From Delhi to Jammu and Kashmir major administrative reshuffle 66 IAS and IPS officers transferred दिल्ली से लेकर जम्मू-कश्मीर तक, बड़ा प्रशासनिक फेरबदल; 66 IAS और IPS अफसरों का तबादला, India News in Hindi - Hindustan
Hindi NewsIndia NewsFrom Delhi to Jammu and Kashmir major administrative reshuffle 66 IAS and IPS officers transferred

दिल्ली से लेकर जम्मू-कश्मीर तक, बड़ा प्रशासनिक फेरबदल; 66 IAS और IPS अफसरों का तबादला

यह फेरबदल दिल्ली में BJP सरकार के गठन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में नए प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के प्रयासों का हिस्सा बताया जा रहा है।

Amit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीFri, 16 May 2025 02:41 PM
share Share
Follow Us on
दिल्ली से लेकर जम्मू-कश्मीर तक, बड़ा प्रशासनिक फेरबदल; 66 IAS और IPS अफसरों का तबादला

केंद्र सरकार ने शुक्रवार को एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश (AGMUT) कैडर के 66 आईएएस और आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया। गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, यह फेरबदल दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और अन्य केंद्र शासित प्रदेशों से संबंधित है।

दिल्ली को इस फेरबदल का सबसे बड़ा हिस्सा मिला है, जहां 21 IAS और 23 IPS अधिकारियों को दिल्ली से अन्य स्थानों पर भेजा गया है या अन्य केंद्र शासित प्रदेशों से वापस दिल्ली लाया गया है। यह फेरबदल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 27 साल बाद दिल्ली में सत्ता में आने के बाद पहला बड़ा प्रशासनिक बदलाव है।

दिल्ली से जम्मू-कश्मीर भेजे गए वरिष्ठ अधिकारी

21 IAS अधिकारियों में से 11 वरिष्ठ अफसरों को दिल्ली से बाहर भेजा गया है। इनमें प्रमुख नाम आशीष चंद्र वर्मा का है, जो वित्त विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत थे। 1994 बैच के IAS अधिकारी वर्मा ने अपने कार्यकाल के दौरान वित्त, राजस्व, गृह, सिंचाई समेत कई महत्वपूर्ण विभागों में प्रमुख सचिव स्तर की जिम्मेदारी संभाली थी।

वित्त सचिव रहते हुए वर्मा का आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के साथ कई बार टकराव हुआ। AAP सरकार ने उन पर महिला सम्मान राशि योजना, दिल्ली जल बोर्ड (DJB) को फंड, पानी के बिलों में छूट देने वाली स्कीम जैसी नीतियों को रोकने और मंत्रियों को दरकिनार कर फैसले लेने का आरोप लगाया था। सरकार ने उनकी शिकायत उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और गृह मंत्रालय से करते हुए उनके निलंबन और तबादले की मांग की थी। अब उन्हें जम्मू-कश्मीर भेजा गया है।

अन्य अधिकारियों में अनिल कुमार सिंह (1995 बैच), नवीन एस एल (2012), महिमा मदान (2021), अनंत द्विवेदी (2021), श्रेया सिंगल (2020) और ऋषि कुमार (2021) को भी दिल्ली से जम्मू-कश्मीर ट्रांसफर किया गया है।

अन्य स्थानों पर भेजे गए IAS अधिकारी

महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव चंचल यादव और परिवहन विभाग के विशेष सचिव सचिन शिंदे को अंडमान-निकोबार भेजा गया है। विनोद पी. कावले को मिजोरम, और कृष्ण मोहन उप्पू, विशेष सचिव (गृह) को पुडुचेरी भेजा गया है। दिल्ली में पहले पीडब्ल्यूडी सचिव और MCD में कार्यरत रहीं दिलराज कौर (2000 बैच) को अंडमान-निकोबार से वापस दिल्ली लाया गया है। वहीं गोवा के स्वास्थ्य सचिव अरुण कुमार मिश्रा को दिल्ली लाया गया है।

दिल्ली से ट्रांसफर हुए IPS अधिकारी

दिल्ली पुलिस से 26 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया गया है। इनमें सेंट्रल रेंज के ज्वाइंट कमिश्नर बी.एस. जैसवाल (2001 बैच) को लक्षद्वीप भेजा गया है। वहीं, आर्थिक अपराध शाखा के ज्वाइंट कमिश्नर केशव राम चौरसिया (2003 बैच) को गोवा ट्रांसफर किया गया है। तीन 2004 बैच के अधिकारी- ओमवीर सिंह बिश्नोई, राजकुमार सिंह, और धीरज कुमार को क्रमशः गोवा, चंडीगढ़ और मिजोरम से वापस दिल्ली बुलाया गया है। पुष्पेंद्र कुमार (2006 बैच) को दिल्ली से चंडीगढ़ भेजा गया है।

ये भी पढ़ें:यूपी में बड़े स्तर पर फेरबदल, 3 आईएएस, 29 एडीएम समेत 51 पीसीएस अफसरों का तबादला
ये भी पढ़ें:यूपी पुलिस के हेड कांस्टेबल ने पाकिस्तान से युद्ध लड़ने की जताई इच्छा, हुआ तबादला

यहां देखें पूरी लिस्ट-

उमेश कुमार (2009 बैच) को जम्मू-कश्मीर से दिल्ली लाया गया है, जबकि अशोक मलिक को दिल्ली से मिजोरम भेजा गया है। नई दिल्ली जिला डीसीपी देवेश कुमार महला (2012 बैच) और साउथ वेस्ट जिला डीसीपी सुरेंद्र चौधरी (2013 बैच) को अरुणाचल प्रदेश ट्रांसफर किया गया है। वहीं, डीसीपी (क्राइम) अपूर्वा गुप्ता (2013 बैच) को अंडमान और निकोबार भेजा गया है।

संजय कुमार यादव (2013 बैच) को जम्मू-कश्मीर से दिल्ली लाया गया है। रोहित राजबीर और अनंत मित्तल (दोनों 2015 बैच) को अरुणाचल प्रदेश से दिल्ली लाया गया है। नए अधिकारियों में अनुराग द्विवेदी (2020), ऋषि कुमार (2021), नित्य राधाकृष्णन (2021), और के एम प्रियंका (2021) को क्रमशः अरुणाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पुडुचेरी और चंडीगढ़ ट्रांसफर किया गया है।