ISRO chief said 10 satellites are continuously monitoring for the safety of Indian citizens भारतीयों की सुरक्षा के लिए आसमान में मंडरा रहे 10 सैटेलाइट, 24 घंटे रहती है निगरानी: इसरो चीफ, India News in Hindi - Hindustan
Hindi NewsIndia NewsISRO chief said 10 satellites are continuously monitoring for the safety of Indian citizens

भारतीयों की सुरक्षा के लिए आसमान में मंडरा रहे 10 सैटेलाइट, 24 घंटे रहती है निगरानी: इसरो चीफ

नारायणन ने अपने संबोधन में भविष्य की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि भारत 2040 तक अपना अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करेगा और आजादी के 100 वर्ष पूरे होने से पहले हर क्षेत्र में अग्रणी बन जाएगा।

Amit Kumar भाषा, इंफालMon, 12 May 2025 12:36 PM
share Share
Follow Us on
भारतीयों की सुरक्षा के लिए आसमान में मंडरा रहे 10 सैटेलाइट, 24 घंटे रहती है निगरानी: इसरो चीफ

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष डॉ वी. नारायणन ने कहा कि देश के नागरिकों की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए 10 उपग्रह लगातार 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं। मणिपुर की राजधानी इम्फाल स्थित केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को रविवार को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत एक "सजीव अंतरिक्ष शक्ति" बनता जा रहा है और वर्ष 2040 तक देश का पहला अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित किया जाएगा।

इसरो प्रमुख ने कहा, "आज 34 देशों के 433 उपग्रह भारत से अंतरिक्ष में छोड़े गए हैं और उन्हें उनके कक्ष में स्थापित किया गया है। मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि आज 10 उपग्रह देश के नागरिकों की सुरक्षा और संरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रणनीतिक उद्देश्य से लगातार 24 घंटे कार्य कर रहे हैं।"

उनकी यह टिप्पणी भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे सैन्य तनाव की पृष्ठभूमि में आई है। देश ने सात मई की सुबह ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था, जिसका उद्देश्य पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में स्थित आतंकी ठिकानों को नष्ट करना था।

ये भी पढ़ें:इसरो का एक और कारनामा, सेमीक्रायोजेनिक इंजन का अल्पकालिक परीक्षण सफल
ये भी पढ़ें:परमाणु हथियारों तक पहुंच गया था भारत, नूर खान की तबाही में छिपा सीजफायर का राज?

डॉ नारायणन ने कहा, "यदि हमें देश की सुरक्षा सुनिश्चित करनी है, तो हमें उपग्रहों का उपयोग करना होगा। हमें अपने 7,000 किलोमीटर लंबे समुद्री तट की निगरानी करनी है। हमें पूरे उत्तर भारत को लगातार निगरानी में रखना है। यह कार्य उपग्रह और ड्रोन तकनीक के बिना संभव नहीं है।"

उन्होंने बताया कि इसरो जी20 देशों के लिए एक विशेष उपग्रह विकसित कर रहा है, जिसका उद्देश्य जलवायु, वायु प्रदूषण और मौसम की निगरानी करना है। इसरो प्रमुख ने स्वतंत्रता के बाद देश की प्रगति को "अद्वितीय और उल्लेखनीय" बताया।