pune rape case updates former cji dy chandrachud says Nirbhaya case led to changes निर्भया केस के बाद बदलाव आए लेकिन... पुणे रेप कांड पर क्या बोले पूर्व CJI चंद्रचूड़, India Hindi News - Hindustan
Hindi Newsदेश न्यूज़pune rape case updates former cji dy chandrachud says Nirbhaya case led to changes

निर्भया केस के बाद बदलाव आए लेकिन... पुणे रेप कांड पर क्या बोले पूर्व CJI चंद्रचूड़

  • पुणे रेप कांड के मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस मामले में पूर्व सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ का बयान आया है।

Gaurav Kala लाइव हिन्दुस्तानThu, 27 Feb 2025 06:27 PM
share Share
Follow Us on
निर्भया केस के बाद बदलाव आए लेकिन... पुणे रेप कांड पर क्या बोले पूर्व CJI चंद्रचूड़

महाराष्ट्र के पुणे में स्वारगेट बस डिपो में एक महिला के साथ बस के अंदर हुए दुष्कर्म के मामले में सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। इस घटना के बाद पूरे राज्य में आक्रोश फैल गया है। आरोपी को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। बस डिपो और आस-पास की जगहों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं इस बीच पूर्व मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने इस मामले में आरोपी को कड़ी सजा देने की वकालत की है। उन्होंने कहा कि निर्भया कांड के बाद कई बदलाव आए लेकिन, सिर्फ कानून बना देने से सुधार नहीं होंगे।

पुणे में महिला के साथ हुई दरिंदगी की तुलना 2012 के दिल्ली निर्भया कांड से की जा रही है। महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार पर विपक्षी दलों का दबाव भी बढ़ गया है। पुलिस मामले को सुलझाने के लिए गहन छानबीन में जुटी हुई है और कई टीमों का गठन किया गया है ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुणे पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार ने जानकारी दी कि मुख्य आरोपी और हिस्ट्रीशीटर दत्तात्रय रामदास गाडे (37) घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए ₹1 लाख का इनाम घोषित किया गया है।

पूर्व CJI ने क्या कहा?

पूर्व मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने इस घटना को लेकर चिंता जताई और कहा कि "निर्भया कांड के बाद कानूनों में कई बदलाव किए गए, लेकिन केवल कानून बनाने से ही ऐसे अपराध नहीं रुक सकते।" उन्होंने कहा कि "समाज की भी बड़ी जिम्मेदारी है। महिलाओं के लिए बने कानूनों को सख्ती से लागू किया जाना चाहिए ताकि वे हर जगह खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें। ऐसे मामलों में उचित जांच, कड़ी कार्रवाई, त्वरित सुनवाई और कड़ी सजा जरूरी है।" उन्होंने पुलिस और न्याय प्रणाली को ऐसे मामलों में प्रभावी भूमिका निभाने की सलाह दी।

ये भी पढ़ें:गन्ने के खेत में छिपा पुणे रेप का आरोपी? ड्रोन और कुत्तों से खोज रही पुलिस
ये भी पढ़ें:कुछ ऐसा दिखता है पुणे रेप मामले का दरिंदा; पुलिस ने जारी की फोटो, एक लाख का इनाम

क्या है मामला?

पुणे का स्वारगेट बस डिपो महाराष्ट्र राज्य परिवहन निगम (MSRTC) का सबसे बड़ा बस स्टैंड है। घटना बीते 25 फरवरी की सुबह करीब 5:45 बजे की है। पीड़िता मेडिकल फील्ड में कार्यरत है, सतारा जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। तभी एक व्यक्ति ने 'दीदी' कहकर उसे बातचीत में उलझाया और बताया कि उसकी बस एक अन्य प्लेटफॉर्म पर खड़ी है। आरोपी महिला को एक खाली एसी बस में ले गया, जो स्टेशन परिसर में खड़ी थी। बस के अंदर रोशनी नहीं थी, जिससे महिला को शक हुआ, लेकिन आरोपी ने उसे भरोसा दिलाया कि यही सही बस है। जैसे ही वह बस में चढ़ी, आरोपी भी अंदर आ गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया।