सैलानियों के लिए गुड न्यूज; कल ASI संरक्षित स्मारकों की फ्री में करें सैर, नहीं लगेगा टिकट
विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर 18 अप्रैल को सैलानी देश भर में एएसआई संरक्षित स्मारकों की फ्री में सैर कर सकेंगे। संस्कृति मंत्रालय ने यह जानकारी दी है।

विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर 18 अप्रैल को देश भर में एएसआई संरक्षित स्मारकों की सैर करने वालों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। संस्कृति मंत्रालय ने यह घोषणा की है। बता दें कि देश में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के संरक्षण में 3,698 स्मारक और स्थल हैं। इनमें आगरा का ताजमहल, दिल्ली के कुतुब मीनार और हुमायूं का मकबरा और बिहार में नालंदा विश्वविद्यालय के प्राचीन स्मारक शामिल हैं।
वहीं एएसआई के महानिदेशक की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर शुक्रवार को स्मारकों में पर्यटकों के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा। ऐसे में पर्यटक किसी भी ऐतिहासिक स्मारक में निशुल्क घूम सकते हैं। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की ओर से संरक्षित किसी भी स्मारक में जाकर परिवार सहित भ्रमण कर सकते हैं।
इसके तहत पुरातत्व स्थलों में सभी टिकट वाले स्मारकों और स्थलों पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। पर्यटक लाल किला, कुतुब मीनार, जंतर मंतर सहित कई स्मारकों में भ्रमण कर सकते हैं।
संस्कृति मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि देश भर में एएसआई स्मारकों पर 18 अप्रैल को आम लोगों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। प्राचीन स्मारकों में फ्री एंट्री की पहल से हमारी विरासतों को संरक्षित रखने में आम लोगों की सक्रिय भूमिका को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इस पहल का मकसद सैलानियों को देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति आकर्षण के लिए प्रोत्साहित करना है।
संस्कृति मंत्रालय ने कहा कि एएसआई इस पहले से देश की गौरवशाली विरासत और ऐतिहासिक वास्तुशिल्प से जुड़ने का मौका प्रदान कर रहा है। इन अमूल्य विरासत स्थलों की रक्षा करना और उनकी रक्षा के लिए अपना योगदान देना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। इस साल विश्व धरोहर दिवस का विषय 'आपदा और संघर्षों से खतरे में पड़ी विरासत' है।