दिल्ली में बदला मौसम, आंधी-तूफान के साथ बारिश की चेतावनी; इस दिन से बढ़ेगी गर्मी
- मौसम विभाग के मुताबिक आज दिल्ली एनसीआर में तूफान और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

दिल्ली में अप्रैल महीने में ही भीषण गर्मी और लू का प्रकोप झेल रहे लोगों गुरुवार शाम से थोड़ी राहत मिली है। गुरुवार शाम को दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में धूलभरी आंधी के बाद झमाझम बारिश हुई जिससे लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत मिली। इस दौरान तापमान में भी 5 से 6 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। आज भी मौसम विभाग ने आंधी तूफान और बारिश की आशंका जताई है और येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक आज दिल्ली एनसीआर में तूफान और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
इसके बाद 12 अप्रैल को भी आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश भी हो सकती है। इस दौरान न्यूनतम तापमान एक डिग्री कम यानी 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है।
13 अप्रैल से फिर बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक 13 अप्रैल से एक बार फिर गर्मी का प्रकोप बढ़ सकता है और तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रह सकता है। इस दौरान मौसम साफ रहेगा। इसके बाद 14 अप्रैल को भी मौसम साफ रहेगा और अधिकतम तापमान भी 40 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 22 डिग्री के आसपास रह सकता है।
40 डिग्री के पार पहुंचेगा पारा
15 अप्रैल से 17 अप्रैल तक गर्मी का प्रकोप और भी बढ़ जाएगा और पारा 41 डिग्री के पार पहुंच सकता है। इन तीनों दिन दिन के समय तेज़ सतही हवाएं चलने का अनुमान भी जताया गया है। वहीं न्यूनतम तापमान 23-24 डिग्री के आसपास रह सकता है।