delhi mausam heatwave yellow alert weather change from tomorrow thunderstorm exected दिल्ली में भीषण गर्मी का तांडव, कल से बदलेगा मौसम का मिजाज; 15 अप्रैल तक का जानें हाल, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़delhi mausam heatwave yellow alert weather change from tomorrow thunderstorm exected

दिल्ली में भीषण गर्मी का तांडव, कल से बदलेगा मौसम का मिजाज; 15 अप्रैल तक का जानें हाल

Delhi Weather: दिल्ली में भीषण गर्मी का तांडव जारी है। लोग चिलचिलाती धूप और लू से परेशान हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार तक के लिए लू का येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में मंगलवार को कई इलाकों में तापमान 41 डिग्री के ऊपर रहा।

Sneha Baluni लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीWed, 9 April 2025 06:33 AM
share Share
Follow Us on
दिल्ली में भीषण गर्मी का तांडव, कल से बदलेगा मौसम का मिजाज; 15 अप्रैल तक का जानें हाल

Delhi Weather: दिल्ली में भीषण गर्मी का तांडव जारी है। लोग चिलचिलाती धूप और लू से परेशान हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार तक के लिए लू का येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में मंगलवार को कई इलाकों में तापमान 41 डिग्री के ऊपर रहा। सोमवार को राजधानी में मौसम की पहली भीषण गर्मी दर्ज की गई और तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बुधवार तक लू के जारी रहने की उम्मीद है, लेकिन गुरुवार से मौसम बदल सकता है और तापमान में गिरावट आ सकती है।

मौसम विभाग का कहना है कि 11, 12 और 13 अप्रैल को दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है, साथ ही आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। आईएमडी ने एक बयान में कहा, "तीन स्टेशन - सफदरजंग, रिज और आयानगर - हीटवेव के मानदंडों को पूरा करते हैं। ये स्थितियां 9 अप्रैल तक जारी रहने की संभावना है। 10 अप्रैल से दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिम भारत के तापमान में गिरावट के आसार हैं।"

कब होती है लू की घोषणा

आईएमडी उस समय भीषण गर्मी या फिर लू की घोषणा करता है जब मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान कम से कम 40 डिग्री सेल्सियस या पहाड़ी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान कम से कम 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। इसके अलावा तब भी भीषण गर्मी मानी जाती है जब तापमान में बदलाव सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस और 6.4 डिग्री सेल्सियस के बीच होता है। विभाग ने आज दिल्ली के कुछ इलाकों में भीषण गर्मी का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।

डॉक्टर्स की सलाह

दिल्ली में पारा चढ़ने के बीच डॉक्टर्स ने चेतावनी दी है कि अत्यधिक गर्मी के फलस्वरूप ज्यादा पसीना निकलने और सॉल्ट की कमी के कारण हल्के चकत्ते और मांसपेशियों में ऐंठन से लेकर थकान और लू लगने (हीटस्ट्रोक) जैसी गंभीर स्थिति तक कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। इन परिस्थितियों में बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं तथा हृदय या गुर्दे की बीमारी जैसी बीमारियों से पीड़ित व्यक्तियों को सबसे ज्यादा खतरा होता है। डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि वे खूब पानी पिएं, तेज धूप के दौरान बाहर न निकलें और हल्के, हवादार कपड़े पहनें।

दिल्ली में 3 साल बाद अप्रैल में लू चली

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का अधिकतम तापमान आमतौर पर अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में 40 डिग्री के पार पहुंच जाता है। हालांकि, इस साल, महीने के पहले पखवाड़े में ही यह सीमा पार हो गई। पिछली बार ऐसा अप्रैल 2022 में हुआ था, जब राजधानी में पहली बार लू चली थी और 8 अप्रैल को अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

अगले सात दिन कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार को लू चलने की संभावना है। इस दौरान 23 किमी की स्पीड से गर्म हवाएं चलेंगी। गुरुवार को मौसम पलटेगा और बादल छाए रहेंगे। शुक्रवार को भी आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। शनिवार को कई इलाकों में तूफान आने की संभावना है। रविवार से एक बार फिर गर्मी का दौर शुरू होगा। सोमवार को तेज चमकदार सूरज निकलेगा और तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। मंगलवार को तापमान को 44 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं।