दिल्ली में तेज आंधी-बारिश से गिरा तापमान, आज भी बारिश को रहें तैयार; 18 अप्रैल तक के मौसम का हाल
Delhi Weather: राजधानी दिल्ली में शुक्रवार शाम तेज हवा चलने तथा गरज चमक के साथ हुई बारिश के कारण पारे में गिरावट दर्ज की गई। कुछ इलाकों में तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई। दिल्ली में तेज हवा और अंधड़ के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात भी बाधित हुआ।

Delhi Weather: राजधानी में शुक्रवार शाम तेज हवा चलने तथा गरज चमक के साथ हुई बारिश के कारण पारे में गिरावट दर्ज की गई। कुछ इलाकों में तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई। दिल्ली में तेज हवा और अंधड़ के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात भी बाधित हुआ। वहीं, धूल भरी आंधी के कारण लोग परेशान हुए। मौसम विभाग की ओर से शाम को मौसम की स्थिति को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया। हालांकि शनिवार के लिए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
शुक्रवार शाम दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में अचानक मौसम ने करवट ली और तेज रफ्तार हवाओं ने लोगों को हैरान कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार, शाम 6:15 बजे से लेकर सात बजे तक राजधानी में अलग-अलग स्थानों पर 37 से 84 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के उजवा केवीके क्षेत्र में सबसे तेज 84 किमी प्रति घंटे की रफ्तार दर्ज की गई। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर 74 और प्रगति मैदान में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।
आज भी हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग ने शनिवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा गरज चमक के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान जारी किया है। शनिवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को 20 से 40 किलो मीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। इस बीच नरेला में 5 मिमी बारिश तथा पालम व स्पोर्ट्स काप्लेक्स में 2.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
कई स्थानों पर गिरे पेड़
दिल्ली में शुक्रवार को तेज आंधी और बारिश के कार कुछ स्थानों पर जलभराव हुआ तो कई स्थानों पर पेड़ गिरे। निगम के नियंत्रण कक्ष में लोगों ने जलभराव, पेड़ गिरने समेत अन्य समस्याओं को लेकर शिकायतें दर्ज की। निगम की शुक्रवार की रिपोर्ट के अनुसार सात स्थानों पर पेड़ गिरे। इसमें शाहदरा उत्तरी जोन में एक जगह, शाहदरा दक्षिण जोन में एक जगह, रोहिणी आदि इलाके शामिल हैं।
अगले सात दिन का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में शनिवार को 20-40 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। रविवार को 26 किमी की रफ्तार से हवा चलेगी और बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। सोमवार और मंगलवार को भी हल्के बादल छाए रहेंगे। मंगलवार से मौसम पलटी मारेगा। तेज धूप के साथ तापमान में फिर इजाफा होगा। बुधवार को तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। गुरुवार और शुक्रवार को लू चलने की संभावना है। वहीं तापमान 45 डिग्री या उससे ज्यादा तक पहुंच सकता है।