सिंदरी के कई क्षेत्रों में संकट, जलापूर्ति भी ठप
सिंदरी में आंधी-बारिश के दो दिन बाद जनजीवन सामान्य नहीं हुआ। कई पेड़ गिरने और बिजली के पोल टूटने से बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई है। अधिकारियों ने स्थिति का निरीक्षण किया और जल्द से जल्द बिजली बहाल...

सिंदरी, प्रतिनिधि आंधी-बारिश के दो दिन बाद भी सिंदरी में जनजीवन सामान्य नहीं हुआ। पूरे शहर में दर्जनों पेड़ गिर गए थे। बिजली के पोल और तार टूट गए थे। बिजली व्यवस्था को तहस-नहस हो गई है। शहरी क्षेत्र में बिजली की स्थिति का निरीक्षण करने शुक्रवार को स्वयं झारखंड राज्य विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के जीएम अशोक कुमार सिन्हा, कार्यपालक अभियंता स्वरूप कुमार बख्शी सिंदरी आए। विद्युत एसडीओ गोविंद कुमार जायसवाल के साथ दोनों अधिकारियों ने पूरे शहर का निरीक्षण किया। बताया कि पेड़ों के गिरने से काफी क्षति हुई है। उन्होंने अधिकारियों को जल्द बिजली बहाल करने की हिदायत दी। जेबीवीएनएल के कर्मचारियों ने शहर में गिरे हुए दर्जनों पेड़ों को हटाकर बिजली के तार को दुरुस्त किया। इससे शहरपुरा और रांगामाटी क्षेत्र में शाम 6 बजे बिजली आपूर्ति शुरू हुई। रोहड़ाबांध क्षेत्र में भी देर शाम को बिजली बहाल हुई परंतु एसके-फोर, जामाडोबा बस्ती और जे टाइप में पेडों के गिरने से ज्यादा नुकसान हुआ है। इसलिए यहां बिजली बहाल नहीं हो सकी है। विभागीय कर्मचारी लगातार प्रयास कर रहे हैं। बिजली नहीं रहने के कारण शहर में जलापूर्ति भी बंद रही। लोग पानी के लिए भी परेशान रहे। यदि बिजली बहाल हुई तो शनिवार को सुबह पानी की आपूर्ति संभव है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।