Delhi Weather: दिल्ली में अब बढ़ेगा तापमान, 3 दिन लू का येलो अलर्ट; 21 अप्रैल तक का हाल
Delhi Weather: तेज धूप के चलते दिल्ली के तापमान में तेजी से इजाफा हो रहा है। बीते चार दिनों में दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग का अधिकतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस से ज्यादा बढ़ा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि तापमान में बढ़ोतरी का यह रुख बना रहेगा।

Delhi Weather: तेज धूप के चलते दिल्ली के तापमान में तेजी से इजाफा हो रहा है। बीते चार दिनों में दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग का अधिकतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस से ज्यादा बढ़ा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि तापमान में बढ़ोतरी का यह रुख बना रहेगा। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में सोमवार सुबह से ही भीषण गर्मी रही। दिन चढ़ने के साथ ही धूप भी तीखी और तेज हो गई। दिन के बारह बजे के बाद लोगों को खासतौर पर कड़ी धूप का सामना करना पड़ा।
सफदरजंग मौसम केंद्र में दिन का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जोकि सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जोकि सामान्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 81 से 32 फीसदी तक है। दिल्ली में अगर पिछले दिनों के तापमान पर नजर डालें तो गर्मी में तेजी से हो रही बढ़ोतरी को समझा जा सकता है। आंधी-पानी के चलते 11 अप्रैल को सफदरजंग में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। लेकिन, इसके बाद से ही तापमान लगातार बढ़ रहा है और चार दिनों में तीन डिग्री से ज्यादा की बढ़ोतरी हो चुकी है।
बुधवार से चल सकती है लू
मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस दौरान 23 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। जबकि, मंगलवार के बाद अगले तीन दिनों तक दिल्ली में लू की स्थिति बन सकती है। इसके लिए मौसम विभाग ने तीन दिन का येलो अलर्ट भी जारी किया है।
प्रदूषण के स्तर में भी हल्का इजाफा हुआ
दिल्ली की हवा में प्रदूषण के स्तर में भी हल्का इजाफा देखने को मिल रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, सोमवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 194 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। हालांकि, खराब श्रेणी से यह सिर्फ सात अंक नीचे है। बोर्ड के मुताबिक अगले दो दिनों के बीच वायु गुणवत्ता का स्तर इसी के आसपास रहने की संभावना है।
अगले सात दिनों का हाल
मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार, मंगलवार को 21 की स्पीड से हवा चल सकती है। तापमान 39 डिग्री के आसपास रह सकता है। बुधवार को आसमान में बादलों की आवाजाही रह सकती है। गुरुवार और शुक्रवार को तापमान में इजाफा होगा और लू चलने की संभावना है। शनिवार को मौसम काफी गर्म रहेगा। रविवार को हल्के बादल छा सकते हैं। सोमवार को तेज धूप के कारण भीषण गर्मी का अहसास होगा। तापमान के 45 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं।