Faridabad Municipal Corporation Plans New Headquarters with 7-Storey Tower एनआईटी में नगर निगम का सात मंजिला मुख्यालय बनेगा, Faridabad Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsFaridabad NewsFaridabad Municipal Corporation Plans New Headquarters with 7-Storey Tower

एनआईटी में नगर निगम का सात मंजिला मुख्यालय बनेगा

फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। नगर निगम प्रशासन अब नए सिरे से नगर निगम मुख्यालय बनाने

Newswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबादThu, 10 April 2025 12:08 AM
share Share
Follow Us on
एनआईटी में नगर निगम का सात मंजिला मुख्यालय बनेगा

फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। नगर निगम प्रशासन अब नए सिरे से नगर निगम मुख्यालय बनाने की कवायद में जुट गया है। नगर निगम मुख्यालय में ही सात मंजिला टावर तैयार किया जाएगा। जबकि सेक्टर-12 में निर्माणाधीन भवन मुख्यालय के बजाय जोनल कार्यालय होगा।

नगर निगम का मुख्यालय मौजूदा समय में देश के बंटवारे के समय विस्थापित हुए लोगों को बसाने के लिए करीब 70 वर्ष पूर्व बनाए गए टीनशेड में चल रहा है। यहां अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक के बैठने के लिए बेहतर जगह नहीं हैं। मरम्मत कर किसी तरह काम चलाया जा रहा है। एनआईटी इलाके में बीके अस्पताल के सामने नगर निगम मुख्यालय बना हुआ है। यहां टीनशैड में बने कार्यालयों की हालत भी खस्ता बनी हुई है। यहां खस्ताहाल दफ्तर को देखते हुए नगर निगम ने सेक्टर-12 में नगर निगम मुख्यालय बनाने की योजना बनाई थी। 07 जून 2015 को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सेक्टर-12 में नगर निगम मुख्यालय बनाने की घोषणा की थी। इस सात मंजिला मुख्यालय में बेसमेंट, नगर निगम मेयर, नगर निगम आयुक्त, नगर निगम पार्षदों के कमरों के अलावा सभागार बनाने का प्रस्ताव मंजूर किया गया था। इस बहुमंजिला भवन में बेसमेंट का भी प्रावधान है। इसमें 800 कारों की पार्किंग की व्यवस्था की गई थी।

---

डिजाइन में बदलाव के कारण तैयार नहीं हो सका मुख्यालय:

25 अक्तूबर सन् 2018 को इस मुख्यालय का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। लेकिन, बीच में ही भवन के मूल डिजाइन में बदलाव कर दिया गया। इस कारण इस भवन का ज्यादा फंड बेसमेंट बनाने में ही खर्च हो गया। मौजूदा समय में इस भवन का निर्माण कार्य ठप है। अभी यह भी तय नहीं है कि इसे नगर निगम बनवाएगा या एफएमडीए (फरीदाबाद मेट्रोपोलिटन डेवलेपमेंट अथॉरिटी), अभी सरकार के स्तर पर लिखित आदेश आना बाकी है। हालांकि, मौखिक तौर पर निगम को यह जिम्मा सौंपा जा चुका है। लेकिन, अभी नगर निगम ने इसे बनाने को लेकर कोई तैयारी शुरू नहीं की है। अभी इस पर निर्णय होना बाकी है। पूर्व में इस योजना के लिए करीब 42 करोड़ रुपये का बजट तैयार हुआ था। फिलहाल बजट के अभाव में इसका काम ठप पड़ा हुआ है। यदि नगर निगम इस भवन को बनाएगा तो इसमें जोनल कार्यालय बनाया जाएगा। अभी यह भी तय नहीं है कि यह सात मंजिला ही बनेगा या इसकी मंजिल कुछ कम होंगी।

--------------------------

आर्किटेक्ट फर्म से अनुबंध होगा: नगर निगम प्रशासन सात मंजिला भवन का डिजाइन तैयार करने के लिए पहले आर्किटेक्ट फर्म से अनुबंध करेगा। इसके के लिए नगर निगम ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। आर्किटेक्ट फर्म इसका डिजाइन और इसमें आने वाली लागत का प्रस्ताव तैयार करेगी। निगम सूत्रों का कहना है कि नगर निगम मुख्यायल हरियाणा का सबसे बेहतर मुख्यालय होगा। इसका डिजाइन आधुनिक होगा। इसमें हर तरह की सुविधाएं होंगी। यहां वाहनों की पार्किंग की खास व्यवस्था होगी। इसके बाद इस प्रस्ताव को शहरी स्थानीय निकाय मुख्यालय को भेजा जाएगा। वहां से मंजूरी मिलने के बाद इसका निर्माण कार्य शुरू होगा। आर्किटेक्ट फर्म नगर निगम मुख्यालय के साथ-साथ नगर निगम सभागार का डिजाइन भी तैयार करेगी। यह सभागार नई दिल्ली के भारत मंडपम की तर्ज पर बनाया जाएगा।

--

‘मौजूदा मुख्यालय में ही नगर निगम का सात मंजिला मुख्यालय बनेगा। इसके लिए आर्किटेक्ट फर्म से अनुबंध करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सेक्टर-12 में निर्माणाधीन भवन के मसले पर अभी तक कोई निर्णय नहीं हो सका है

विवेक गिल, मुख्य अभियंता, नगर निगम

-------------------------

70 वर्ष पूर्व बनाए गए टीनशेड में चल रहे कार्यालय

08 सौ कारों को पार्क करने की व्यवस्था होगी

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।