फार्म हाउस जाने से रोका, फरीदाबाद में हैवान बना पति; पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर लगा दी आग
फरीदाबाद के तिगांव थाना क्षेत्र के गांव सिडोल में 32 वर्षीय एक महिला पर उसके पति और ससुराल वालों ने मिलकर पेट्रोल छिड़कर आग लगा दी। गंभीर अवस्था में पहले पीड़िता को अमृता अस्पताल में भर्ती कराया गया, स्थिति बिगड़ने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया।

फरीदाबाद के तिगांव थाना क्षेत्र के गांव सिडोल में 32 वर्षीय एक महिला पर उसके पति और ससुराल वालों ने मिलकर पेट्रोल छिड़कर आग लगा दी। गंभीर अवस्था में पहले पीड़िता को अमृता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी स्थिति बिगड़ने के बाद उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर महिला वेंटिलेटर पर है।
पुलिस ने महिला के भाई के बयान पर उसके पति व परिवार के चार अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यूपी के नोएडा के गांव नया गांव सेक्टर-87 निवासी धर्मवीर नाथ ने बताया कि उसकी बहन ऊषा देवी की शादी गांव सिडोल फरीदाबाद निवासी जरनेल नाथ से करीब 18 साल पहले हुई थी। इसी घर में उसकी दूसरी बहन सरिता की भी शादी अनिल के साथ हुई। पीड़िता के भाई ने बताया कि उसकी बहन ऊषा को उसका पति जरनेल नाथ काम करने के लिए गांव झट्टा नोएडा यूपी में मुर्गी फार्म हाउस पर लेकर जाता था। जहां पर जरनेल सिंह शराब पीने के बाद उसकी बहन के साथ अक्सर मारपीट करता था।
धर्मवीर ने बताया कि जरनेल नाथ स्वयं तो शराब पीता था और अपने दोस्तों को भी शराब पीने के लिए वहां पर बुलाता था। इसलिए उसकी बहन ऊषा वहां जाने से मना करती थी। इन्हीं बातों को लेकर 9 मार्च 2025 को करीब 8 बजे उसकी छोटी बहन सरिता ने उसे फोन करके बताया कि जरनेल नाथ, यशपाल नाथ, शीला व सुनील नाथ ने मिलकर ऊषा को जरनेल के साथ फार्म हाउस पर जाने के लिए मना करने पर जरनेल ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस कारण ऊषा काफी जल गई। जिसे तुरंत अमृता अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत काफी बिगड़ गई। इस कारण उसे दिल्ली सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत काफी नाजुक बनी हुई है। धर्मवीर नाथ ने बताया कि उसकी बहन के तीन बच्चे है। इसमें दो लड़के व एक लड़की है।