mahila samriddhi yojana 2500 per month rules and regulations दिल्ली में किसे मिलेगा 2500 और किसे नहीं; महिला समृद्धि योजना की शर्तों पर क्या फैसला, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़mahila samriddhi yojana 2500 per month rules and regulations

दिल्ली में किसे मिलेगा 2500 और किसे नहीं; महिला समृद्धि योजना की शर्तों पर क्या फैसला

Mahila Samriddhi Yojana- महिला समृद्धि योजना को दिल्ली की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने शनिवार को कैबिनेट बैठक में मंजूरी दे दी।

Sudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीSat, 8 March 2025 03:20 PM
share Share
Follow Us on
दिल्ली में किसे मिलेगा 2500 और किसे नहीं; महिला समृद्धि योजना की शर्तों पर क्या फैसला

Mahila Samriddhi Yojana- महिला समृद्धि योजना को दिल्ली की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने शनिवार को कैबिनेट बैठक में मंजूरी दे दी। इसके लिए 5100 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। योजना को तत्काल लागू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि जल्द ही महिलाओं को पैसे मिलने लग जाएंगे।

सरकार ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में एक कमिटी का गठन किया है। प्रवेश वर्मा, आशीष सूद और कपिल मिश्रा को कमिटी में शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री और मंत्रियों का समूह नियम और शर्तें जारी करेगा। साथ ही एक पोर्टल को भी लॉन्च किया जाएगा जिस पर महिलाएं रजिस्ट्रेशन कराएंगी।

महिला समृद्धि योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। वादे के मुताबिक भाजपा ने इस योजना का लाभ सिर्फ गरीब महिलाओं को देने का फैसला किया है। सरकार ने अभी नियम और शर्तों का ऐलान नहीं किया है। लेकिन सूत्रों के मुताबिक मोटे तौर पर नियम और शर्तें तय हो चुकी हैं। सूत्रों के मुताबिक इस योजना की शर्तें कुछ इस प्रकार की हो सकती हैं-

1. आधार से भी ज्यादा जरूरी बीपीएल कार्ड

सूत्रों के मुताबिक, महिला समृद्धि योजना का लाभ गरीबी रेखा से नीचे रहने वाली महिलाओं को ही मिलेगा। महिला समृद्धि योजना का लाभ लेने के लिए बीपीएल कार्डधारी होना आवश्यक है। यह कार्ड बताता है कि आप गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन कर रहे हैं।

2. उम्र की सीमा 21 से 59 साल

दिल्ली सरकार के सूत्रों ने बताया कि महिला समृद्धि योजना का लाभ 21 से 59 साल की महिलाओं को मिलेगा।60 साल की आयु पूरी करते ही महिलाएं इस योजना से बाहर हो जाएंगी। 60 या इससे अधिक उम्र की महिलाओं को वृद्धि पेंशन मिलती है।

3. 5 साल से दिल्ली की निवासी होना आवश्यक

सूत्र बता रहे हैं कि इस योजना का लाभ उन्हीं महिलाओं को मिलेगा जो कम से कम 5 साल से दिल्ली की निवासी हैं। यानी यदि आप 5 साल से दिल्ली की वोटर हैं और आपके आधार कार्ड और वोटर कार्ड पर दिल्ली का पता है। तभी आपको इस योजना का लाभ मिल सकता है।

4. महिला के नाम से खाता और आधार कार्ड आवश्यक

जिस महिला को इस योजना का लाभ लेना है उसके नाम से अपना बैंक खाता और आधार कार्ड होना आवश्यक है। इसके अलावा बैंक अकाउंट आधार से लिंक होना चाहिए। आधार और बैंक अकाउंट से फोन नंबर भी लिंक हो।

5. रजिस्ट्रेशन कराना होगा-
महिला समृद्धि योजना के लिए सरकार अभी रजिस्ट्रेशन की शुरुआत करेगी। जरूरी कागजातों के साथ सरकारी वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद जिन आवेदनों को स्वीकार किया जाएगा उनके खाते में हर महीने 2500 रुपए दिए जाएंगे।

किसे नहीं मिलेगा योजना का लाभ

1. महिला समृद्धि योजना का लाभ उन महिलाओं को नहीं मिलेगा जो सरकारी सेवा में हैं। केंद्र, राज्य या निगम में सरकारी नौकरी करती हैं। यदि परिवार का कोई सदस्य सरकारी नौकरी में तो भी योजना का लाभ नहीं मिलेगा।

2. यदि कोई महिला पेंशनभोगी है तो उसे भी इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा।

3. जिन महिलाओं के परिवार में कोई इनकम टैक्सपेयर है उन्हें महिला समृद्धि योजना का लाभ नहीं मिलेगा।

ये भी पढ़ें:दिल्ली की 17-18 लाख महिलाओं के ही खाते में आएंगे 2500, इन 2 शर्तों से कटे नाम