BJP Accuses Congress of Undermining Army Morale and Supporting Pakistan फिर सेना का मनोबल तोड़ रही कांग्रेस, पाकिस्तान को दे रही ऑक्सीजन: भाजपा, Delhi Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsBJP Accuses Congress of Undermining Army Morale and Supporting Pakistan

फिर सेना का मनोबल तोड़ रही कांग्रेस, पाकिस्तान को दे रही ऑक्सीजन: भाजपा

भाजपा ने कांग्रेस पर सेना का मनोबल तोड़ने और पाकिस्तान को समर्थन देने का आरोप लगाया है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस नेता चन्नी के सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाने की निंदा की। उन्होंने कहा...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीSat, 3 May 2025 09:12 PM
share Share
Follow Us on
फिर सेना का मनोबल तोड़ रही कांग्रेस, पाकिस्तान को दे रही ऑक्सीजन: भाजपा

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। भाजपा ने कांग्रेस को कठघरे में खड़ा करते हुए आरोप लगाया है कि वह एक बार फिर सेना के मनोबल को तोड़ने का काम कर रही है। साथ ही पूरी दुनिया में आतंकवाद पर घिरे पाकिस्तान को ऑक्सीजन दे रही है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी के सर्जिकल स्ट्राइक पर सबूत मांगने व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसने पर पलटवार किया है। पात्रा ने कहा है कि कांग्रेस में यह चलन बन गया है कि इसके प्रस्ताव एवं इसका नेतृत्व किसी और स्वर में बोलते हैं, जबकि इसके कई अन्य नेता किसी और स्वर में बात करते हैं।

पात्रा ने कहा कि अंदर यह कांग्रेस कार्यसमिति है, लेकिन बाहर यह पाकिस्तान कार्यसमिति की तरह काम करती है। सीडब्ल्यूसी द्वारा प्रस्ताव पारित किए जाने के तुरंत बाद उसके नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने एक समानांतर संवाददाता सम्मेलन किया, जिसमें उन्होंने 2019 के पुलवामा आतंकी हमले के बाद बालाकोट में किए गए भारत के सर्जिकल स्ट्राइक की वास्तविकता पर सवाल उठाया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज भी कसा। भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस पाकिस्तानी सेना एवं आतंकवादियों को ऑक्सीजन देने तथा उनका मनोबल बढ़ाने का कोई मौका नहीं छोड़ती। भाजपा नेता ने कहा कि मोदी सरकार के रुख पर सवाल उठाने के लिए एक पाकिस्तानी सांसद ने अखिलेश यादव जैसे विपक्षी दलों के नेताओं और आम आदमी पार्टी जैसे दलों को उद्धृत किया था। अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी पड़ोसी देश में प्रशंसा पाने के लिए इन नेताओं में शामिल होने की कोशिश कर रहे हैं। पात्रा ने पहलगाम आतंकी हमले से संबंधित कई कांग्रेस नेताओं की अन्य विवादास्पद टिप्पणियों का हवाला देते हुए पार्टी की आधिकारिक घोषणाओं और उसके सदस्यों की सार्वजनिक टिप्पणियों में अंतर को लेकर पार्टी की आलोचना की। पात्रा ने आतंकवादी हमले के बारे में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, महाराष्ट्र के विधायक विजय वडेट्टीवार, हिमाचल प्रदेश के मंत्री इंदर सिंह की टिप्पणियों पर भी नाराजगी जताई। पात्रा ने कहा कि यह महज संयोग नहीं है, बल्कि यह एक तरीका है। भाजपा नेता ने पूछा कि क्या कांग्रेस नेताओं की इस तरह की विवादास्पद टिप्पणियों से सशस्त्र बलों और आमतौर पर भारतीयों का मनोबल कम नहीं हुआ है?

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।