Delhi Faces Heat Wave and Warm Nights as Temperatures Soar लू के साथ तपिश भरी रातों ने उड़ाई दिल्लीवालों की नींद, Delhi Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsDelhi Faces Heat Wave and Warm Nights as Temperatures Soar

लू के साथ तपिश भरी रातों ने उड़ाई दिल्लीवालों की नींद

दिल्ली में गर्मी और लू ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मंगलवार रात को तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। बुधवार को भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार रहा। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीWed, 9 April 2025 09:57 PM
share Share
Follow Us on
लू के साथ तपिश भरी रातों ने उड़ाई दिल्लीवालों की नींद

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। झुलसाने वाली लू के साथ ही अब गर्म रातों ने दिल्ली की नींद उड़ाना शुरू कर दिया है। मंगलवार की रात दिल्ली के ज्यादातर मौसम केन्द्रों में तपिश भरी रात (वार्म नाइट) की स्थिति बनी रही। यहां न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली के लोगों को अप्रैल माह में ही लू के थपेड़ों ने मुसीबत में डाल दिया है। ज्यादातर हिस्सों में बुधवार सुबह से ही तेज धूप निकली। इसके चलते दिन के 11 बजे के बाद ही लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल होने लगा। दिनभर खुले में काम करने वाले और दोपहिया वाहन चलाने वालों को गर्म हवा के चलते भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान दिल्ली के सफदरजंग मौसम केन्द्र में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।

दिल्ली में अभी तक दिन के समय भले ही तेज धूप के चलते लोगों को लू का सामना करना पड़ रहा हो, लेकिन आसमान साफ रहने के चलते रात के समय मौसम अपेक्षाकृत शीतल था। अब रात के समय में भी तपिश भरी हवाओं का असर देखने को मिल रहा है। दिल्ली के पांच मौसम केन्द्रों में मंगलवार की रात तपिश भरी रात यानी वार्म नाइट की स्थिति रही।

यह होता है वार्म नाइट

दिन और रात की गर्मी के लिए मौसम विभाग ने अलग-अलग तकनीकी शब्द दिए हैं। दिन की गर्मी यानी अधिकतम तापमान में इजाफे को लू यानी हीट वेव से व्याख्यायित किया जाता है। न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी को वार्म नाइड से व्याख्यायित किया जाता है। अधिकतम तापमान अगर 40 डिग्री से ऊपर है और न्यूनतम तापमान सामान्य से साढ़े चार डिग्री से ज्यादा ऊपर है तो उसे वार्म नाइट की स्थिति कहा जाता है। वहीं, अधिकतम तापमान अगर 40 डिग्री से ऊपर है और न्यूनतम तापमान साढ़े छह डिग्री से ऊपर है तो उसे वेरी वार्म नाइट की स्थिति कहा जाता है।

लगातार तीसरा दिन लू की स्थिति रही

राजधानी में बुधवार को लू की स्थिति का दायरा बढ़ा है। मंगलवार को दिल्ली के दो मौसम केन्द्रों में लू की स्थिति बनी थी, लेकिन बुधवार को सफदरजंग, पालम, रिज और आयानगर यानी चार मौसम केन्द्रों में लू की स्थिति रही। यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया। आयानगर का अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली के सफदरजंग मौसम केन्द्र में यह लगातार तीसरा दिन है जब अधिकतम तापमान 40 से ऊपर है और लू की स्थिति बनी हुई है।

दिल्ली को लू से राहत दिलाएगा अंधड़

दिल्लीवालों के लिए राहत की खबर यह है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले दो दिनों में बीच-बीच में अंधड़ की स्थिति बनने के आसार हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार और शुक्रवार को हल्के बादलों की आवाजाही रहेगी। बीच-बीच में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। अंधड़ की स्थिति भी बन सकती है, जिसमें 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं चलेंगी। बीच-बीच में यह हवाएं 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार भी पकड़ सकती हैं। इससे अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक की कमी आने की संभावना है।

खराब श्रेणी में दिल्ली की हवा

मौसम के अलग-अलग कारकों की वजह से दिल्ली की हवा लगातार ही खराब श्रेणी में बनी हुई है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 246 अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को खराब श्रेणी में रखा जाता है। अगले दो दिनों के बीच भी वायु गुणवत्ता का स्तर इसी के आसपास रहने के आसार हैं।

इन स्थानों पर लू की स्थितिः

मौसम केन्द्र अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा

सफदरजंग 40.5 5.4

पालम 40.3 4.8

रिज 40.1 5.0

आयानगर 40.9 6.0

यहां पर वार्म नाइट की स्थितिः

मौसम केन्द्र न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा

सफदरजंग 25.6 5.6

पालम 25.6 5.6

रिज 24.0 5.0

आयानगर 26.0 5.9

लोधी रोड 26.0 5.9

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।