कूड़ा के लिए अब यूजर चार्ज नहीं देना होगा
दिल्ली नगर निगम ने कूड़ा उठाने के लिए अब संपत्ति कर के साथ यूजर चार्ज नहीं वसूले जाने का आदेश स्थगित कर दिया है। इस संबंध में एक समिति का गठन किया जाएगा जो यूजर चार्ज पर पुनर्विचार करेगी। बैठक में...

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। कूड़ा उठाने के लिए संपत्ति कर के साथ उपयोगकर्ता शुल्क (यूजर चार्ज) अब नहीं वसूला जाएगा। इस आदेश पर रोक लगा दी गई है। इस संबंध में बुधवार को निगम के सदन में सत्ता पक्ष के पार्षद निजी सदस्य विधेयक के तहत प्रस्ताव लाए। इसे सदन में सर्वसम्मति से पास कर दिया गया। सदन में पास हुए प्रस्ताव के तहत अब यूजर चार्ज वसूले जाने पर पुनर्विचार के लिए एक समिति का गठन किया जाएगा। इस समिति का यूजर चार्ज पर फैसला आने और इस पर नीति बन जाने तक लोगों से इसे नहीं वसूला जाएगा। निगम ने बीते महीने सात अप्रैल को यूजर चार्ज वसूलने का आदेश जारी किया था।
पांच घंटे तक चली सदन की कार्यवाही नगर निगम के सदन की बैठक बुधवार को ढाई बजे के बाद शुरू होकर शाम सात बजकर 28 मिनट तक चली। पांच घंटे तक सदन की कार्यवाही चली। इसे लेकर सत्ता पक्ष ने दावा किया कि ढाई वर्ष बाद निगम के सदन की बैठक इतने लंबे समय तक चली। इस दौरान महापौर राजा इकबाल सिंह ने मच्छर जनित बीमारियां जैसे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के साथ जलभराव की समस्याओं पर सदन की कार्यवाही शुरू कर इन मुद्दों पर चर्चा शुरू की। इस दौरान निगम आयुक्त अश्विनी कुमार के साथ अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। चर्चा में पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जलभराव, जल निकासी और नाले की मरम्मत से जुड़ी समस्याओं को उठाया। नेता सदन के चयन पर सत्ता पक्ष को घेरा सदन में नेता विपक्ष आप के अंकुश नारंग और कांग्रेस की नेता नाजिया दानिश ने भाजपा पर नेता सदन का चयन न करने को लेकर सवाल उठाए। इसके अलावा सदन में नवगठित इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के अध्यक्ष मुकेश गोयल के बोलने का भी आप पार्षदों ने विरोध किया। कर्नल सोफिया का मामला सदन में गूंजा महापौर राजा इकबाल सिंह ने दोपहर ढाई बजे के बाद सदन की कार्यवाही शुरू की। महापौर ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर भारतीय सेना और लोगों को बधाई दी। इसी दौरान मध्य प्रदेश के मंत्री के भारतीय सेना की कर्नल सोफिया अंसारी पर की गई टिप्पणी के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने नारेबाजी की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।