अंडमान सागर में समय से पूर्व सक्रिय हुआ मानसून
दक्षिण अंडमान सागर में इस बार मानसून समय से पहले सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने बताया कि 13 मई तक यह अंडमान सागर और दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में बढ़ेगा। इस बार देश में सामान्य से...

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। दक्षिण अंडमान सागर में इस बार मानसून समय से पहले सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को मानसून ने बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्से अंडमान सागर में दस्तक दे दी है। विभाग ने कहा कि 13 मई तक मानसून अंडमान सागर को कवर करते हुए दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों तथा अंडमान निकोबार द्वीप समूह की ओर बढ़ेगा। दरअसल, बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्से में मानसून मई के मध्य में सक्रिय होता है। आमतौर पर 16 मई के बाद वहां मानसून की सक्रियता देखी जाती है। लेकिन इस बार 10 दिन पहले ही मानसून सक्रिय हो गया है।
मौसम विभाग ने इस बार देश में सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। देश में मानसून एक जून को केरल में दस्तक देता है। अंडमान सागर में समय से पूर्व मानसून की सक्रियता से यह भी अटकलें पैदा हो रही हैं कि शायद इस बार मानसून आगमन देश में जल्द हो जाए। इस बीच मौसम विभाग ने 8 मई से उत्तर-पश्चिम भारत में लू का एक नया दौर शुरू होने की संभावना व्यक्त की है। जबकि 7 मई को कुछ इलाकों में गरज के साथ बूंदाबादी हो सकती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।