अंतरिक्ष में मूंग का हलवा और आम रस का मजा लेंगे शुभांशु शुक्ला, ISRO ने क्या-क्या बताया
इसरो ने बताया कि भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला आईएसएस में 14 दिन बिताएंगे। इस दौरान वो भारतीय व्यंजनों का लुत्फ ले सकेंगे। उन्हें खाने में मूंग का हलवा और आम रस खाने को मिलेगा।

भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला इस महीने के अंत में प्रक्षेपित होने वाले एक्सिओम मिशन 4 के जरिए अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की 14 दिवसीय यात्रा पर रवाना होंगे। खास बात यह है कि इस दौरान उन्हें अंतरिक्ष में भी भारतीय व्यंजनों का स्वाद मिलेगा। इसरो ने बताया कि वो अंतरिक्ष में मूंग का हलवा और आम रस समेत कई भारतीय व्यंजनों का आनंद लेंगे।
इसरो और डीआरडीओ ने उनके लिए विशेष रूप से ऐसा भोजन तैयार किया है जो न सिर्फ पौष्टिक है, बल्कि भारतीय स्वाद से भरपूर भी है। इसमें चावल के विभिन्न व्यंजन, मूंग दाल का हलवा और आम का रस शामिल हैं।
इसरो के मानव अंतरिक्ष उड़ान केंद्र के निदेशक डी.के. सिंह ने बताया, "शुक्ला को अंतरिक्ष में ‘घर जैसा खाना’ मिलेगा। इसके साथ ही उनके पास नासा द्वारा अनुमोदित अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों में से भी चयन का विकल्प होगा।" यह व्यंजन गगनयान मिशन के लिए तैयार किए गए थे और अब नासा की मंजूरी मिलने के बाद शुभांशु शुक्ला को भी दिए जाएंगे।
एक्सिओम स्पेस ने हाल ही में एक वीडियो जारी किया जिसमें मिशन 4 के सभी अंतरिक्ष यात्री अंतरिक्ष में मिलने वाले भोजन का स्वाद चखते नजर आ रहे हैं।
मिशन की डिटेल
यह मिशन 29 मई रात 10:33 बजे (भारतीय समयानुसार) अमेरिका के कैनेडी स्पेस सेंटर से लॉन्च होगा। मिशन की अवधि 14 दिन है। इस मिशन के कमांडर पैगी व्हिटसन हैं। भारतीय यात्री शुभांशु शुक्ला मिशन के पायलट हैं। अन्य विशेषज्ञों में सावोज उज़्नान्स्की-विस्निएव्स्की (पोलैंड) और टिबोर कापू (हंगरी) हैं। शुभांशु शुक्ला की यह यात्रा न सिर्फ भारत के लिए गर्व का क्षण है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि अब अंतरिक्ष में भी ‘स्वदेशी स्वाद’ साथ रहेगा।