आईपी कॉलेज की छात्राओं ने हर क्षेत्र में किया नेतृत्व: रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इंद्रप्रस्थ महिला महाविद्यालय की शताब्दी वर्षगांठ समारोह में कहा कि छात्राओं ने शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में नेतृत्व किया है। उन्होंने बताया कि सरकार ने शिक्षा के...

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। इंद्रप्रस्थ कॉलेज की छात्राओं ने शिक्षा से लेकर राष्ट्र निर्माण तक हर क्षेत्र में नेतृत्व किया है। आज के छात्रों के साथ मिलकर हमें विकसित दिल्ली की दिशा में आगे बढ़ना है, क्योंकि देश की प्रगति का मार्ग युवाओं के हाथों से होकर गुजरता है। उक्त बातें दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली विश्वविद्यालय के इंद्रप्रस्थ महिला महाविद्यालय की शताब्दी वर्षगांठ समारोह पर आयोजित कार्यक्रम में कहीं। उन्होंने कहा कि सरकार ने विकसित दिल्ली बजट 2025 में शिक्षा क्षेत्र के लिए 19,291 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया है। इंद्रप्रस्थ महिला महाविद्यालय नारी शिक्षा, नेतृत्व और आत्मनिर्भरता का एक आदर्श केंद्र रहा है। 100 वर्षों की यह यात्रा शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक परिवर्तन की जीवंत गाथा है। इंद्रप्रस्थ कॉलेज जैसे संस्थान भारतीय समाज में महिलाओं के लिए उच्च शिक्षा के द्वार खोलने में अग्रणी रहे हैं। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भी इस महाविद्यालय की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और देश की चेतना को जाग्रत करने में अहम भूमिका निभाई। सुचेता कृपलानी, सरला शर्मा जैसी पूर्व छात्राओं का योगदान इस संस्था की केवल शैक्षणिक ही नहीं, बल्कि सामाजिक विरासत को भी गौरवशाली बनाता है। आज, इस कॉलेज की छात्राएं सड़क से लेकर संसद तक, स्कूल से लेकर अंतरिक्ष तक हर क्षेत्र में अपनी अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली सरकार की शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराते हुए बताया कि विकसित दिल्ली बजट 2025 के तहत शिक्षा क्षेत्र के लिए 19,291 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया गया है, जो कुल बजट का 19.29 फीसद है। साथ ही तकनीकी शिक्षा, स्किल यूनिवर्सिटी और महिला तकनीकी विश्वविद्यालयों के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं। साथ ही हरित दिल्ली के बारे में भी सरकार के संकल्प को दोहराते हुए उन्होंने बताया कि दिल्ली में इस वर्ष 70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।