भारतीय इंजीनियर को फ्लाइट में देरी के कारण 50 हजार का नुकसान
मो. अलजफर जिया, स्वीडन में रहने वाले भारतीय इंजीनियर, की रांची से दिल्ली की इंडिगो फ्लाइट में 2 घंटे की देरी के कारण उन्हें एयर इंडिया की कोपेनहेगन जाने वाली कनेक्टिंग फ्लाइट चूक गई। इससे उन्हें...

मो. अलजफर जिया को एयर इंडिया की उड़ान से जाना था कोपेनहेगन इंडिगो की फ्लाइट में रांची से दिल्ली पहुंचने में करीब 2 घंटे की देरी हुई
नई दिल्ली, एजेंसी। स्वीडन में रहने वाले भारतीय मूल के इंजीनियर को फ्लाइट में देरी के कारण 50 हजार का नुकसान उठाना पड़ा। मो. अलजफर जिया ने दावा किया रांची से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की घरेलू फ्लाइट में करीब दो घंटे की देरी हुई। इस कारण उन्हें दिल्ली से कोपेनहेगन जाने वाली एयर इंडिया की कनेक्टिंग फ्लाइट से चूकना पड़ा।
भारतीय मूल के तकनीकी पेशेवर ने लिंक्डइन पर इंडिगो और एयर इंडिया के साथ अपने निराशाजनक अनुभव को साझा किया है। मो. अलजफर जिया ने कहा कि कनेक्टिंग फ्लाइट से चूकने के कारण उन्हें 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ। उन्होंने पोस्ट में लिखा, मैं इंडिगो की सेवाओं से बहुत निराश हूं।
मैंने रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरी और दिल्ली से कोपेनहेगन के लिए मेरी कनेक्टेड इंटरनेशनल फ्लाइट थी। लेकिन इंडिगो की फ्लाइट में 1 घंटे 50 मिनट की देरी होने के कारण मैं अपनी कनेक्टिंग इंटरनेशनल फ्लाइट से चूक गया। इस कारण मुझे रीबुकिंग के लिए 50 हजार रुपये, होटल में ठहरने के 50 हजार रुपये और एक दिन के वेतन का नुकसान हुआ।
जिया ने अपनी उड़ान बुकिंग और यात्रा कार्यक्रम के स्क्रीनशॉट भी साझा किए। इसमें दिखाया गया कि रांची से दिल्ली के लिए उनकी इंडिगो की उड़ान (6E 5062) सुबह 9:30 बजे रवाना होगी और 11:20 बजे पहुंचेगी। जबकि कोपेनहेगन के लिए उनकी एयर इंडिया की उड़ान दोपहर 2:10 बजे दिल्ली से रवाना होगी। उचित ठहराव समय के बावजूद, देरी के कारण उनका कनेक्शन छूट गया।
उन्होंने दावा किया कि दोनों एयरलाइनों से संपर्क करने के बार-बार प्रयासों के बावजूद, कोई समाधान नहीं दिया गया। जब उन्होंने अपनी कनेक्टिंग फ्लाइट छूटने के बाद दिल्ली हवाई अड्डे के कर्मचारियों से सहायता मांगी, तो उन्हें मदद नहीं मिली। जिया ने आरोप लगाया कि इंडिगो साइट मैनेजर असभ्य था और देरी के लिए जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया। उधर, इंडिगो ने असुविधा पर खेद जताते हुए कहा कि उड़ान में देरी हवाई यातायात की भीड़ के कारण हुई। दुर्भाग्य से यह स्थिति हमारे नियंत्रण से बाहर है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।