Indian Navy Seizes Over 2 500 Kg of Drugs in Western Indian Ocean Operation आईएनएस तरकश युद्धपोत की मदद से 2500 किग्रा मादक पदार्थ जब्त, Delhi Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsIndian Navy Seizes Over 2 500 Kg of Drugs in Western Indian Ocean Operation

आईएनएस तरकश युद्धपोत की मदद से 2500 किग्रा मादक पदार्थ जब्त

भारतीय नौसेना ने पश्चिमी हिंद महासागर में एक ऑपरेशन के दौरान 2,500 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ जब्त किए। यह अभियान 31 मार्च को संदिग्ध जहाजों की गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद शुरू हुआ। आईएनएस...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीWed, 2 April 2025 05:03 PM
share Share
Follow Us on
आईएनएस तरकश युद्धपोत की मदद से 2500 किग्रा मादक पदार्थ जब्त

- भारतीय नौसेना ने पश्चिमी हिंद महासागर में चलाया ऑपरेशन - 31 मार्च को जहाजों में संदिग्ध गतिविधि की मिली थी जानकारी

- 2,386 किलोग्राम हशीश और 121 किलोग्राम हेरोइन बरामद

मुंबई, एजेंसी।

भारतीय नौसेना के जंगी युद्धपोत आईएनएस तरकश ने समुद्री सुरक्षा अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। बुधवार को पश्चिमी हिंद महासागर में एक ऑपरेशन के दौरान युद्धपोत की मदद से नौसेना ने 2,500 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ जब्त किए। अधिकारियों ने बयान में बताया कि 31 मार्च को नौसेना को कुछ जहाजों की संदिग्ध गतिविधियों के बारे में सूचना मिली थी, जिसके बाद मादक पदार्थों को जब्त करने का अभियान शुरू किया गया।

हेलीकॉप्टर भी तैनात किया

नौसेना के प्रवक्ता ने बताया कि 31 मार्च को नौसेना के पी8आई टोही विमान से संदिग्ध जहाजों की गतिविधियों के इनपुट मिले। इस सूचना के बाद आईएनएस तरकश ने समुद्री परिचालन केंद्र के साथ मिलकर एक संदिग्ध नौका को रोका और तलाशी ली। इस दौरान जहाज ने संदिग्ध नौका की गतिविधियों पर नजर रखने और क्षेत्र में संभावित रूप से संचालित अन्य जहाजों की पहचान करने के लिए अपने हेलीकॉप्टर को भी तैनात किया।

सीलबंद पैकेट में रखे थे

अधिकारी ने बताया कि मरीन कमांडो के साथ एक विशेषज्ञ टीम नौका पर सवार हो गई और तलाशी के बाद कई सीलबंद पैकेट बरामद हुए। पूछताछ में पता चला कि जहाज पर विभिन्न कार्गो होल्ड और डिब्बों में 2,500 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ (जिसमें 2,386 किलोग्राम हशीश और 121 किलोग्राम हेरोइन शामिल है) रखे हुए थे। प्रवक्ता ने बताया कि संदिग्ध नौका को बाद में आईएनएस तरकश के नियंत्रण में लाया गया और चालक दल के सदस्यों से उनकी कार्यप्रणाली और क्षेत्र में अन्य समान जहाजों की मौजूदगी के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई। बता दें, पिछले साल नवंबर में भी गुजरात के पोरबंदर तट से भारतीय नौसेना,गुजरात एटीएस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने अभियान के तहत 800 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया था।

जनवरी में युद्धपोत को किया था तैनात

दरअसल, आईएनएस तरकश जनवरी, 2025 से पश्चिमी हिंद महासागर में समुद्री सुरक्षा अभियानों के लिए तैनात है। यह जहाज बहरीन स्थित संयुक्त समुद्री बल (सीएमएफ) के तहत काम करने वाले कंबाइंड टास्क फोर्स (सीटीएफ) 150 का हिस्सा है। यह अभियान समुद्री अपराधों पर नकेल कसने और क्षेत्रीय सुरक्षा को मजबूत करने की नौसेना की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।