केदारनाथ मंदिर के कपाट खुले, भक्तों पर हेलीकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा
नंबर गेम 20 हजार श्रद्धालुओं ने पहले दिन बाबा केदार के दर्शन किए 108 क्विंटल

केदारनाथ, संवाददाता। केदारनाथ धाम के कपाट शुक्रवार सुबह सात बजे वैदिक मंत्रोच्चारण और पूजा अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। इस मौके पर मंदिर परिसर में बाबा के भक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। केदारनाथ के रावल, मुख्य पुजारी, बीकेटीसी के अधिकारी, प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में मंदिर का मुख्य द्वार खोला गया। धार्मिक परंपरा निभाने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा केदारनाथ का रुद्राभिषेक कर संपूर्ण प्रदेश और देश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। मंदिर में पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से कराई गई। अब छह माह तक भगवान केदारनाथ की पूजा केदारनाथ धाम में ही की जाएगी।
इस मौके पर मंदिर को 108 क्विंटल फूलों से सजाया गया था। मुख्यमंत्री धामी ने कपाट खुलने के बाद पत्नी गीता धामी के साथ बाबा केदार के दर्शन किए। हर यात्री की यात्रा सरल और सुगम हो: धामी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज का दिन बहुत ही शुभ और विशेष है। इस धार्मिक पल का संपूर्ण देश के सनातनियों को इंतजार रहता है। केदारनाथ धाम सनातन धर्मावलंबियों की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। हमारे राज्य के लिए यह उत्सव का समय है। बाबा के धाम में आने वाले यात्रियों की संख्या इस बार भी काफी ज्यादा होगी। हर यात्री की यात्रा सरल और सुगम हो इसके लिए निरंतर प्रयास किए गए हैं। आस्था पथ से लगी यात्रियों की लाइन केदारनाथ धाम में पहले दिन से ही यात्रियों को मंदाकिनी नदी की तरफ बने आस्था पथ से लाइन में दर्शन करने का अवसर दिया गया। करीब 20 हजार श्रद्धालुओं को लाइन में लगाते हुए आस्था पथ से मंदिर के मुख्य द्वार पर भेजा गया। साथ ही सभी भक्तों को गर्भ गृह में जाने का अवसर दिया गया। केदारनाथ धाम में पहले दिन वीआईपी दर्शन की व्यवस्था नहीं थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।