खेल : मुंबई दो साल बाद फाइनल में, कल दिल्ली से टक्कर
मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को 47 रन से हराकर महिला प्रीमियर लीग के फाइनल में प्रवेश किया। नैट साइवर-ब्रंट और हेली मैथ्यूज ने 77-77 रन बनाकर मुंबई को 213 का विशाल स्कोर बनाने में मदद की। जवाब में,...

डब्ल्यूपीएल मुंबई, एजेंसी। नैट साइवर-ब्रंट (77) और हेली मैथ्यूज (77) की आक्रामक अर्धशतकीय पारियों के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन ने मुंबई इंडियंस ने गुरुवार को गुजरात जायंट्स को चार गेंद रहते 47 रन से पराजित कर दो साल बाद महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब शनिवार को दूसरे खिताब के लिए हरमनप्रीत कौर की टीम का सामना लगातार तीसरी बार फाइनल में पहुंची दिल्ली कैपिटल्स से होगा। दिल्ली को पहले खिताब की तलाश है।
मुंबई ने टॉस हारकर कर नैट और मैथ्यूज के बीच दूसरे विकेट के लिए 71 गेंद में 133 रन की साझेदारी से चार विकेट पर 213 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। हरमनप्रीत ने 12 गेंद में चार छक्कों और दो चौकों से 36 रन बनाए। यास्तिका भाटिया ने 15 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम 19.2 ओवर में 166 रन पर ढेर हो गई। उसकी शुरुआत ही खराब रही। शबनम इस्माइल ने पहले ही ओवर में बेथ मूनी (6) को आउट कर गुजरात को जो झटका दिया उससे टीम अंत तक उबर नहीं पाई। डेनिएल गिब्सन ने 34, फोबे लिचफीलड ने 31, भारती ने 30, सिमरन शेख ने 17 और तनुजा कंवर ने 16 रन का योगदान दिया। मुंबई के लिए मैथ्यूज तीन और केर ने दो विकेट चटकाए।
इससे पहले मुंबई ने पावरप्ले में सतर्कता एक विकेट खोकर 37 रन बनाए थे। इसके बाद नैट और मैथ्यूज ने गुजरात के गेंदबाजों के खिलाफ मैदान के हर क्षेत्र में चौके और छक्के जड़े। गुजरात के गेंदबाजों को क्षेत्ररक्षकों का भी साथ नहीं मिला। टीम ने कई कैच टपकाने के साथ खराब क्षेत्ररक्षण से रन बनाने दिया। मुंबई की बल्लेबाजी की रीढ़ की हड्डी माने जाने वाली ब्रंट ने तेज गेंदबाजों और स्पिनरों की धज्जियां उड़ाते हुए 10 चौके और दो छक्के जमाए। उन्होंने गिब्सन के खिलाफ आक्रामक रूख अपनाया तो वही मैथ्यूज ने लेग स्पिनर प्रिया मिश्रा की गेंदों पर लगातार तीन चौके लगाए। मैथ्यू को काशवी गौतम तो ब्रंट को गिब्सन ने पवेलियन भेजा। हरमनप्रीत रनआउट हुईं। टीम ने आखिरी पांच ओवरों में 73 रन बनाए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।