गढ़चिरौली में तीन इनामी नक्सलियों का आत्मसमर्पण
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में तीन नक्सलियों ने 38 लाख रुपये के इनाम के साथ आत्मसमर्पण किया। इनमें विक्रम तुलावी, नीलाबाई उइके और वसंती हिदामी शामिल हैं। 2022 से गढ़चिरौली में 53 नक्सलियों ने...

गढ़चिरौली, एजेंसी। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में 38 लाख रुपये के इनाम वाले तीन नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। इनकी पहचान 40 वर्षीय विक्रम उर्फ संदीप तुलावी, 55 वर्षीय नीलाबाई उर्फ अनुसाया उइके और 36 वर्षीय वसंती उर्फ दुल्लो हिदामी के रूप में हुई है। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने गढ़चिरौली पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारियों के समक्ष हथियार डाले हैं। तुलवी और उइके पर 16-16 लाख रुपये का इनाम था। जबकि हिदामी पर 6 लाख रुपये का इनाम था। तुलवी प्रतिबंधित संगठन की कंपनी नंबर 10 का डिप्टी कमांडर है। जबकि उइके कुतुल लोकल ऑपरेशन स्क्वॉड की डिवीजनल कमेटी का सदस्य है। हिदामी भी कंपनी नंबर 10 का हिस्सा है।
अधिकारी ने बताया कि 2022 से गढ़चिरौली में 53 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जिनमें 2025 में 20 नक्सली आत्मसमर्पण करेंगे। गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने कहा, आत्मसमर्पण करने वाले और मुख्यधारा में शामिल होने वालों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी।
नक्सलियों का सप्लायर गिरफ्तार
सुकमा, एजेंसी। छत्तीसगढ़ में नक्सलियो के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षाबलों ने नक्सलियों को विस्फोटक पहुंचाने वाले सप्लायर बुधरा कुहरामी को गिरफ्तार किया है। मरईगुड़ा थाना पुलिस ने शुक्रवार को उसे जेल भेज दिया। सुकमा डीएसपी मनीष रात्रे ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया बुधरा कुहरामी नक्सलियों के पीएलजीए बटालियन नंबर-01 और नक्सलियों की तेलंगाना स्टेट कमेटी को विस्फोटक सप्लाई करता था। गुरुवार शाम पकड़े गए आरोपी की पहचान 23 वर्षीय बुधरा कुहरामी पुत्र लखमा, निवासी ग्राम मल्लेमपेंटा, थाना उसूर- जिला बीजापुर के रूप में हुई।
उसे तेलंगाना-छत्तीसगढ़ सीमा पर मरईगुड़ा फाररेस्ट नाका के पास मोबाईल चेकपोस्ट पर पकड़ा गया। उसके बैग से एक बंडल कोर्डेक्स वायर, 12 नग डेटोनेटर, आठ जिलेटिन रॉड, एक बंडल बिजली तार, 15 छोटी बैटरी और नक्सल साहित्य बरामद किया गया। मरईगुड़ा पुलिस ने शुक्रवार को बुधरा और अन्य नक्सलियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।