विजय दिवस परेड से पहले मॉस्को पर यूक्रेनी ड्रोन का हमला
यूक्रेन द्वारा किए गए ड्रोन हमलों के कारण मॉस्को के हवाई अड्डों पर उड़ानें प्रभावित हुई हैं। 'एयरोफ्लोट' ने 100 से अधिक उड़ानें रद्द की हैं और 140 से ज्यादा उड़ानों में देरी हुई है। यह हमले तब हो रहे...

कीव, एजेंसियां। यूक्रेन की ओर से बुधवार को लगातार तीसरे दिन लंबी दूरी के ड्रोन से किए गए हमलों के कारण मॉस्को के प्रमुख हवाई अड्डों पर उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने बताया कि ये हमले ऐसे समय में हुए हैं जब रूस में रेड स्क्वायर पर होने वाली विजय दिवस सैन्य परेड के लिए चीन के राष्ट्रपति और अन्य विदेशी नेताओं के स्वागत की तैयारी की जा रही हैं। विमानों के उड़ान न भर पाने के कारण रूस की विमानन कंपनी 'एयरोफ्लोट' ने मॉस्को आने-जाने वाली 100 से अधिक उड़ान रद्द कर दी हैं जबकि 140 से ज्यादा उड़ानों के संचालन में देरी हुई है।
रूसी वायुसेना ने राष्ट्रीय राजधानी के निकट नौ ड्रोन से किए गए एक हमले को विफल कर गिया। मॉस्को के महापौर सर्गेई सोबियानिन ने यह जानकारी दी। यूक्रेनी ड्रोन इससे पहले भी मॉस्को को निशाना बनाते रहे हैं, लेकिन लगातार किए गए जा रहे हमलों के कारण मास्को में, द्वितीय विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी पर जीत की 80वीं वर्षगांठ के समारोह की तैयारियां बाधित होती दिख रही हैं। शुक्रवार की मुख्य परेड में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहने की उम्मीद है। चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और ब्राजील के राष्ट्रपति लुईस इनासियो लूला दा सिल्वा समेत विदेशी गणमान्य व्यक्ति बुधवार को मॉस्को पहुंचने वाले हैं। इससे पहले रूस ने यूक्रेन की राजधानी को निशाना बनाते हुए मिसाइल और सिलसिलेवार ड्रोन हमले किए जिसमें कम से कम दो लोगों की मौत हो गई। हमले के संबंध में मॉस्को की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।