टोल प्लाजा के इंजीनियर ने कर्मचारी पर मारपीट करने का आरोप लगाया
ग्रेटर नोएडा के जेवर टोल प्लाजा पर एक वरिष्ठ प्रोजेक्ट इंजीनियर, सुनील कुमार गुप्ता, ने अपने सहकर्मी पर मारपीट का आरोप लगाया है। आरोप के मुताबिक, मनोज कुमार ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर सुनील पर...

ग्रेटर नोएडा, संवाददाता। जेवर टोल प्लाजा पर कार्यरत वरिष्ठ प्रोजेक्ट इंजीनियर ने एक कर्मचारी पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि ड्यूटी लगाने पर आरोपी कर्मचारी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पीड़ित के घर पहुंच कर घटना को अंजाम दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर टोल प्लाजा पर सुनील कुमार गुप्ता बतौर वरिष्ठ प्रोजेक्ट इंजीनियर कार्यरत हैं। सुनील कुमार ने पुलिस को बताया कि वह कस्बे में किराये के मकान में रहते हैं। वह शनिवार को अपने कमरे में थे। इसी बीच टोल प्लाजा पर काम करने वाला कर्मचारी मनोज कुमार अपनी दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और बिना वजह तीनों ने उनके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। शोर सुनकर पड़ोस के लोग वहां पहुंच गए। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीड़ित ने घटना की शिकायत पुलिस से की। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी कर्मचारी ने ड्यूटी लगाने पर मारपीट की। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी कर्मचारी और उसके दो साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।