रजवाहे से महिला का अर्धनग्न शव बरामद, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
रबूपुरा में एक महिला की अर्धनग्न लाश रजवाहे में मिली है, जिससे सनसनी फैल गई है। आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या दुष्कर्म के बाद की गई। मृतका की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को बाहर...

रबूपुरा, संवाददाता । रविवार सुबह रजवाहे से अर्धनग्न हालत में महिला की लाश मिलने से सनसनी मच गई। आशंका जताई जा रही है कि दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या कर शव को रजवाहे में लाकर फेंका गया है। समाचार लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो सकी। जानकारी के मुताबिक रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के रबूपुरा-भाईपुर मार्ग पर रजवाहे के खेड़ा पुल से रविवार को लोग गुजरे तो उन्हें एक अर्ध नग्न हालत में महिला का शव पड़ा हुआ दिखाई दिया। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। पुलिस को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला।
मृतका की उम्र करीब 35 साल बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला के सिर से खून बह रहा था और उसकी कमर से ऊपर के शरीर पर कपड़े नहीं थे। आशंका है कि महिला की हत्या कहीं और की गई है। साथ ही शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से उसे रजवाहे में फेंका गया है। रबूपुरा कोतवाली प्रभारी ने बताया है कि मृतका के दाहिने हाथ की कलाई पर तीन स्टार के रूप में टैटू और पंजे पर ओम गुदा हुआ था। शव की शिनाख्त के प्रयास के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। शव रजवाहे में बहकर कहीं पीछे से आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। उसके बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।