वेदांत चंद्रा ने खेलो इंडिया तैराकी में कांस्य झटका
नोएडा। प्रमुख संवाददाता। शहर के वेदांत चंद्रा ने खेलो इंडिया तैराकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन

नोएडा प्रमुख संवाददाता। शहर के वेदांत चंद्रा ने खेलो इंडिया तैराकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। बिहार के गया में तैराकी की स्पर्धाएं गुरुवार देर शाम समाप्त हुई। इससे पहले वेदांत राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन करते रहे हैं। सेक्टर-134 निवासी वेदांत चंद्रा ने 50 मीटर बैक स्ट्रोक में तीसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने इस दूरी को तय करने के लिए 27.84 सेकेंड का समय निकाला। 50 मीटर बैक स्ट्रोक में उनका श्रेष्ठ समय 27.60 सेकेंड रहा है। लिहाजा अगर वेदांत खेलो इंडिया की इस स्पर्धा में अपना श्रेष्ठ समय निकालते तो रजत जीत सकते थे, क्योंकि दूसरे स्थान पर रहने वाले तैराक तेलंगाना के सुहास ने 27.68 सेकेंड का समय निकालते हुए दूसरा स्थान हासिल किया।
इस स्पर्धा में पहला स्थान हरियाणा के अर्जुन सिंह को मिला। उन्होंने 27.25 सेकेंड में यह दूरी पूरी की। वेदांत ने पिछले साल राष्ट्रीय सीबीएसई, प्रदेश तैराकी सहित कई प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया था। वेदांत ने बताया कि इस साल प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिता में भाग लेना है। इन प्रतियोगिता में और भी बेहतर प्रदर्शन का प्रयास करुंगा। जिला तैराकी संघ के सचिव सुरेश देशवाल ने वेदांत के बेहतरीन प्रदर्शन पर बधाई दी है। वेदांत चंद्रा की 2024 की उपलब्धियां : - राष्ट्रीय सीबीएसई तैराकी की 50 मीटर बैक स्ट्रोक में रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक -राष्ट्रीय सीबीएसई तैराकी की 100 मीटर बैक स्ट्रोक में कांस्य पदक -राष्ट्रीय सीबीएसई तैराकी की 50 मीटर बटरफ्लाई में रजत पदक -क्षेत्रीय सीबीएसई तैराकी प्रतियोगिता में पांच स्वर्ण जीतकर श्रेष्ठ तैराक बने -प्रदेश ओपन तैराकी प्रतियोगिता में पांच स्वर्ण, एक नया रिकॉर्ड बनाया प्रदेश तैराकी में जिले के तैराकों का दबदबा रहा है करीब दो दशक से प्रदेश तैराकी में शहर के तैराकों का बोलबाला रहा है। खासकर लड़कियों की तैराकी में यहां की जलपरियां प्रत्येक साल ओवरऑल चैंपियन रही हैं। सब जूनियर, जूनियर और महिला तीनों वर्गों में जिले की लड़कियों का दबदबा रहा है। वहीं लड़कों के वर्ग में भी शहर के खिलाड़ियों ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। कई बार ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब भी मिला है। अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय तैराकी में भी स्वर्ण झटका शहर की आलिया सिंह अंतरराष्ट्रीय तैराकी में स्वर्ण जीत चुकी हैं। वहीं अंश अरोड़ा ने भी अंतरराष्ट्रीय तैराकी में पदक अपने नाम किया है। दिशा भंडारी राष्ट्रीय तैराकी के महिला वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाली यूपी की पहली तैराक हैं। उन्होंने 2022 में यह उपलब्धि हासिल की थी। इसके अलावा सीबीएसई और प्रदेश स्तर पर भी उन्होंने कई नए रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।