दिल्ली में 1 नहीं 2 दिन पड़ेंगी बौछारें, 40 की स्पीड से तेज हवाएं चलने का अलर्ट
Delhi Mausam: दिल्ली में एक नहीं दो दिन आंधी और बारिश वाला मौसम रहने का अनुमान है। इस दौरान 40 की स्पीड से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है। पढ़ें IMD का ताजा अपडेट…

दिल्ली के साथ ही NCR के इलाकों में कल से मौसम बदल जाएगा। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी राजस्थान और उसके आस-पास के इलाकों पर बने एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण उत्तर पश्चिमी भारत के अलग-अलग हिस्सों में आंधी और बौछारें पड़ने की चेतावनी दी है। खासकर दिल्ली और एनसीआर के शहरों में 2 दिन मौसम खराब रहेगा। मौसम विभाग की ओर से दिल्ली एनसीआर में अगले दो दिन मौसम बिगड़ने का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
पीटीआई-भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। मौसम विभाग की मानें तो बीते 3 वर्षों के दौरान अप्रैल में यह सबसे अधिक न्यूनतम तापमान था। साल 2024 में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री जबकि 2023 में यह 23.6 डिग्री तक ही पहुंचा था। इसी तरह 2022 में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 10 और 11 अप्रैल को दो दिन लू नहीं चलेगी। इस दिन आसमान में बादलों की मौजूदगी नजर आएगी। अचानक से मौसम बिगड़ेगा और गरज चमक तेज हवाओं के साथ हल्की बारिया या बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान हवा की स्पीड 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक देखी जा सकती है। मौसम विभाग ने इन दोनों ही दिन गरज चमक के साथ आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने 10 अप्रैल को दिल्ली में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड होने का अनुमान जताया है। वहीं 11 और 12 अप्रैल को राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। 11 अप्रैल को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री जबकि 12 को यह 18 से 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है।
13 और 14 अप्रैल को दिल्ली में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान है। वहीं 13 को न्यूनतम तापमान 19-21 और 14 अप्रैल को यह 21 से 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। 14 अप्रैल को दिल्ली में तापमान में और बढ़ोतरी देखी जाएगी। 14 अप्रैल को दिल्ली में अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री जबकि न्यूनतम 22 से 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। साथ ही 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं चलने का अनुमान है।