who will be delhi cm from bjp parvesh verma rekha gupta ashish sood दिल्ली में कौन बनेगा CM, पर्ची में किसका निकलेगा नाम; प्रवेश वर्मा, रेखा गुप्ता समेत 3 की खूब चर्चा, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़who will be delhi cm from bjp parvesh verma rekha gupta ashish sood

दिल्ली में कौन बनेगा CM, पर्ची में किसका निकलेगा नाम; प्रवेश वर्मा, रेखा गुप्ता समेत 3 की खूब चर्चा

दिल्ली का मुख्यमंत्री कौन बनेगा? दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद से यह सबसे बड़ा सवाल बना हुआ है, जिसका जवाब कुछ ही देर में मिलने जा रहा है।

Sudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीWed, 19 Feb 2025 04:34 PM
share Share
Follow Us on
दिल्ली में कौन बनेगा CM, पर्ची में किसका निकलेगा नाम; प्रवेश वर्मा, रेखा गुप्ता समेत 3 की खूब चर्चा

दिल्ली का मुख्यमंत्री कौन बनेगा? दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद से यह सबसे बड़ा सवाल बना हुआ है, जिसका जवाब कुछ ही देर में मिलने जा रहा है। 8 फरवरी से ही अटकलों का दौर चल रहा है। प्रवेश वर्मा, रेखा गुप्ता, आशीष सूद, रविंद्र इंद्रराज समेत कई नाम गिनाए जा रहे हैं। हालांकि, विधायक दल की बैठक से ठीक पहले अब चर्चा तीन नामों पर अधिक केंद्रित हो गई है

दिल्ली में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। शाम 7 बजे विधायक दल की बैठक में नेता का चुनाव किया जाएगा। बताया जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व की ओर से मुख्यमंत्री पद के लिए नाम भेजा गया है। यह देखना दिलचस्प होगा कि पर्ची में किसका नाम निकलता है, जो दिल्ली में भाजपा को 27 साल बाद मिली सरकार का मुखिया होगा।

प्रवेश वर्मा सबसे प्रबल दावेदार, पर एक दिक्कत

दिल्ली में मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे प्रबल दावेदार प्रवेश वर्मा को माना जा रहा है, जिन्होंने आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल से सीधी टक्कर ली और उन्हें नई दिल्ली सीट से परास्त किया। जाट बिरादरी से आने वाले प्रवेश वर्मा की गिनती भाजपा के युवा और संभावनाओं से भरपूर नेताओं में होती है। जिस तरह उन्होंने अरविंद केजरीवाल को उनकी सीट पर घेरा उससे उनकी राजनीतिक कौशल की भी खूब चर्चा हुई। प्रवेश वर्मा के पक्ष में यह भी जाता है कि इस बार दिल्ली में भाजपा को जाट बहुल सभी 10 सीटों पर जीत मिली है। हालांकि, एक बात जो उनके खिलाफ जाती है वह यह कि उनके पिता भी मुख्यमंत्री रहे हैं। भाजपा के कुछ रणनीतिकारों का मानना है कि यदि प्रवेश वर्मा को सीएम बनाया गया तो परिवारवाद के मोर्चे पर पार्टी को विपक्ष के सवालों का सामना करना पड़ेगा। भाजपा इस मुद्दे पर अब तक कांग्रेस समेत दूसरे कई दलों पर आक्रामक रही है।

महिला कार्ड खेला गया तो रेखा गुप्ता को बनाया जा सकता है सीएम

चर्चा यह भी है कि भाजपा किसी महिला नेता को मुख्यमंत्री बना सकती है। विधानसभा चुनाव के दौरान महिला वोटर्स को लेकर भाजपा और 'आप' के बीच काफी होड़ देखने को मिली। 'आप' की ओर से पहले आर्थिक सहायता की घोषणा और इसके लिए कार्ड बांटे जाने के बावजूद बड़ी संख्या में महिला वोटर्स ने 'मोदी की गारंटी' पर भरोसा जताया। महिला उम्मीदवार के रूप में रेखा गुप्ता का नाम सबसे आगे है। वैश्य समाज से आने वाली रेखा गुप्ता लंबे समय से भाजपा के साथ जुड़ी हुई हैं। शालीमार बाग सीट से चुनाव जीतकर विधायक बनीं रेखा गुप्ता छात्र जीवन में ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ गई थीं। वह मूलरूप से हरियाणा की रहने वाली हैं।

आशीष सूद का भी लग सकता है दांव

दिल्ली में भाजपा के संभावित मुख्यमंत्री के रूप में आशीष सूद की भी खूब चर्चा है। आशीष सूद जनकपुरी सीट से जीतकर विधानसभा में पहुंचे हैं। पंजाबी समुदाय से आने वाले आशीष सूद गोवा में प्रभारी और जम्मू-कश्मीर के सह प्रभारी भी हैं। सूद भारतीय जनता युवा मोर्चा में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे हैं। 2008 में वह दिल्ली भाजपा में सचिव बनाए गए। अप्रैल 2012 में वह पार्षद चुने गए। जनवरी 2013 में उन्हें दिल्ली भाजपा का उपाध्यक्ष बनाया गया था।

ये भी पढ़ें:LIVE: BJP विधायक दल के नेता का चयन आज, रविशंकर और ओपी धनखड़ बनाए गए पर्यवेक्षक