राजस्थान के शख्स की पाकिस्तान में शादी,भारत के फैसले से बॉर्डर पर ही लग गया ब्रेक
भारत के इस नए फैसले के बाद राजस्थान के एक शख्स की शादी पर ही ब्रेक लग गया। उसे आज अपनी शादी के लिए अमृतसर के अटारी बॉर्डर से पाकिस्तान जाना था,लेकिन उसे सीमा पर ही रोक लिया गया।

पहलगाम हमले के 24 घंटे बाद ही भारत ने बुधवार को कई कड़े फैसले लिए। इनमें पाकिस्तानी नागरिकों को 48 घंटे के भीतर वतन वापसी का भी फरमान शामिल है। SAARC और SVES वीजा वालों पर यह नियम लागू होगा। इसके अलावा अन्य वीजा धारकों को 1 मई तक हिंदुस्तान छोड़ना होगा। भारत के इस नए फैसले के बाद राजस्थान के एक शख्स की शादी पर ही ब्रेक लग गया। उसे आज अपनी शादी के लिए अमृतसर के अटारी बॉर्डर से पाकिस्तान जाना था,लेकिन उसे सीमा पर ही रोक लिया गया।
राजस्थान के रहने वाले शैतान सिंह की आज पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में होनी थी। रातों-रात मोदी सरकार के फैसले से सारा कार्यक्रम ही उल्टा पड़ गया। शैतान सिंह ने कहा कि हां आज शादी थी पर अब हमें बॉर्डर पर रोक लिया। हमें पाकिस्तान नहीं जाने दिया जा रहा है क्योंकि बॉर्डर बंद है। देखते हैं अब क्या होता है। उन्होंने पहलाम आतंकी हमले को गलत बताते हुए कहा कि जो आतंकवादियों ने जो किया वह गलत है। भारत सरकार ने जो फैसला लिया है,वो सही ही लिया होगा।
शैतान सिंह के भाई सुरिंदर सिंह ने कहा कि मैं आज अपने भाई की शादी के लिए पाकिस्तान जा रहा था,लेकिन अब यह टल जाएगी। मेरी दादी और उनके चार बेटे पाकिस्तान में रहते हैं और उनका एक बेटा भारत में रहता है। पर्यटकों पर (पहलगाम में) जो हमला हुआ,वह बहुत गलत था।
केंद्र सरकार ने ऐलान किया कि अटारी का इंटिग्रेटेड चेकपोस्ट तुरंत बंद कर दिया जाएगा। जिनके पास सही कागजात हैं और जो उधर (पाकिस्तान) चले गए हैं, वे 1 मई 2025 से पहले इसी रास्ते से वापस आ सकते हैं। इसके अलावा सरकार ने सिंधु जल समझौता भी स्थगित कर दिया है। सिंधु जल समझौता को लेकर आखिरी बैठक 2022 के 30-31 मई के आसपास हुई थी। मोदी सरकार ने साथ ही पाक सैन्य सलाहकारों को भी भारत छोड़ने और पाकिस्तान से अपने सैन्य सलाहकारों को वापस बुलाने का हुक्म दिया है।