गर्मी की दस्तक के बीच राजस्थान में पलटी मारेगा मौसम, 16 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट
- राजस्थान वालों झमाझम बारिश के लिए तैयार हो जाइए। गर्मी की दस्तक के बीच मौसम पलटी मारने वाला है। आने वाले 2-4 दिन प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है।

राजस्थान वालों झमाझम बारिश के लिए तैयार हो जाइए। गर्मी की दस्तक के बीच मौसम पलटी मारने वाला है। आने वाले 2-4 दिन प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है। इससे तापमान में भी 2-24 डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है। मौसम विभाग ने करीब 16 जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण भी तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि हिमालय क्षेत्रों की तरफ नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिसके चलते राजस्थान में अगले 2 दिन झमाझम बारिश देखने को मिल सकती है। आईएमडी ने करीब 16 जिलों में इस बाबत येलो अलर्ट भी जारी कर दिया है। विक्षोभ का सबसे ज्यादा असर पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के जिलों में देखने को मिलेगा।
अमूमन होली के बाद राजस्थान में गर्मी के चलते तापमान में बढ़ोतरी देखी जाती है,लेकिन इस बार सामान्य से 2-3 डिग्री नीचे ही तापमान दर्ज किया जा रहा है। आज के मौसम की बात करें तो पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में मौसम साफ रहेगा,किसी भी तरह का कोई अलर्ट नहीं है। कलस यानी 20 मार्च से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। आज अधिकतम तापमान 32-37 डिग्री तक जा सकता है तो वहीं न्यूनतम तापमान 15-17 डिग्री पर रहेगा।